Uncategorized

रेल ओवरब्रिज व ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर 6 मार्च को जांजगीर-नैला बंद, चक्काजाम की चेतावनी …

img 20260302 wa00013163192866548000917 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। जांजगीर-नैला में रेल ओवरब्रिज निर्माण, रेलवे स्टेशन में मूलभूत सुविधाओं के विस्तार तथा प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव जैसी मांगों को लेकर नागरिकों का आक्रोश अब आंदोलन में बदलता नजर आ रहा है। इन मांगों के समर्थन में 05 मार्च 2026 की रात 10 बजे से परशुराम चौक, नैला में चक्काजाम तथा 06 मार्च 2026 को पूर्ण नगर बंद की चेतावनी दी गई है।

आंदोलनकारियों ने इस संबंध में कलेक्टर, जिला प्रशासन जांजगीर-चांपा को पत्र सौंपकर प्रशासन को औपचारिक सूचना दी है। पत्र में बताया गया है कि जांजगीर-नैला रेलवे स्टेशन के पश्चिम केबिन क्षेत्र में प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज निर्माण, स्टेशन पर यात्रियों की सुविधाओं के विस्तार तथा प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों के ठहराव को लेकर पूर्व में भी जन आंदोलन हुआ था।
उस दौरान रेल प्रशासन और जिला प्रशासन के साथ हुई चर्चा में छह माह के भीतर रेल ओवरब्रिज निर्माण प्रारंभ करने, गोंडवाना एक्सप्रेस एवं साउथ बिहार एक्सप्रेस के ठहराव पर सकारात्मक निर्णय लेने, मिशन अस्पताल समपार के पास अंडरब्रिज निर्माण तथा स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के विस्तार का आश्वासन दिया गया था। लेकिन आंदोलनकारियों का आरोप है कि सहमति के बावजूद अब तक किसी भी वादे पर ठोस प्रगति नहीं हुई है।
पत्र में यह भी कहा गया है कि राज्य शासन और भारतीय रेलवे प्रशासन के बीच समन्वय के अभाव में कार्य अटका हुआ है, जिससे स्थानीय नागरिकों में भारी नाराजगी है। सर्वसम्मति से आंदोलन का निर्णय लिया गया है और किसी भी प्रकार की स्थिति के लिए प्रशासन को जिम्मेदार ठहराया गया है।

इस आंदोलन को स्थानीय व्यापारिक संगठनों का भी समर्थन प्राप्त हुआ है। जिनमें छत्तीसगढ़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज, जिला केमिस्ट एंड ड्रगिस्ट एसोसिएशन, गल्ला किराना व्यापारी संघ, जिला चावल उद्योग संघ एवं कपड़ा व्यापारी संघ शामिल हैं।आंदोलन की सूचना की प्रतिलिपि मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर, ए.डी.ई.एन. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे चांपा, स्टेशन प्रबंधक जांजगीर-नैला तथा अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) जांजगीर को भी भेजी गई है।

Related Articles