Uncategorized

शादी का रिश्ता कराने के नाम पर साइबर ठगी का खुलासा, लड़की की आवाज निकालकर लोगों को फंसाते थे दो आरोपी …

img 20260817 wa00018900909533529167132 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। शादी के नाम पर रिश्ता कराने का झांसा देकर अलग-अलग जिलों के लोगों से साइबर ठगी करने वाले दो आरोपियों को जांजगीर-चांपा साइबर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन की मदद से लड़की की आवाज निकालकर लोगों से बातचीत करते थे और शादी के लिए रिश्ता तय कराने के नाम पर रकम लेते थे। रकम मिलने के बाद आरोपियों द्वारा संपर्क तोड़ दिया जाता था।


पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन, हेडफोन, व्हाट्सऐप चैटिंग से संबंधित सामग्री तथा ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट जब्त किए हैं। जांच में आरोपियों के बैंक खातों में अलग-अलग जिलों से साइबर ठगी की रकम पहुंचने की जानकारी सामने आई है। पुलिस के अनुसार कवर्धा, रायपुर, बलौदाबाजार, बालोद और महासमुंद सहित अन्य जिलों के लोगों से ठगी किए जाने का खुलासा हुआ है।

2 हजार रुपये की ठगी से खुला मामला – मामले की शुरुआत शिकायतकर्ता अजय राठौर की रिपोर्ट से हुई। 15 अगस्त 2026 को साइबर थाना में शिकायत दर्ज कराते हुए उन्होंने बताया कि 8 अगस्त को एक व्यक्ति ने अस्पताल जाने के लिए तत्काल नगद रकम की जरूरत बताई और फोन-पे से रकम भेजने की बात कहते हुए उनसे नकद पैसे लिए। इसके बदले शिकायतकर्ता के खाते में 2 हजार रुपये ट्रांसफर किए गए। कुछ दिनों बाद शिकायतकर्ता के बैंक खाते में होल्ड लग गया। बैंक से जानकारी लेने पर पता चला कि उनके खाते में साइबर ठगी की रकम आई थी। यह रकम सोनू साहू की UPI आईडी से ट्रांसफर की गई थी। जांच में उक्त राशि के संबंध में साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज होना भी पाया गया। इसके बाद साइबर थाना में अपराध क्रमांक 09/2026 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

तकनीकी जांच में आरोपियों तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान साइबर क्राइम पोर्टल से प्राप्त मोबाइल नंबरों और तकनीकी साक्ष्यों की जांच की गई। इसमें लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू और सोनू साहू की संलिप्तता सामने आई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में अपराध में संलिप्तता स्वीकार किए जाने के बाद आरोपियों के मेमोरेंडम कथन लिए गए। पुलिस ने उनके कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो मोबाइल फोन, व्हाट्सऐप चैटिंग, आवाज बदलने वाला हेडफोन और ‘पवित्र रिश्ता डॉट कॉम’ के पंपलेट जब्त किए।

2025 से चल रहा था ठगी का खेलपुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे वर्ष 2025 से ब्लूटूथ डिवाइस और हेडफोन के माध्यम से लड़की की आवाज निकालकर लोगों से शादी एवं रिश्ता कराने के नाम पर बातचीत करते थे। विश्वास में लेने के बाद अलग-अलग लोगों से रकम ली जाती थी। रकम प्राप्त होने के बाद उनसे संपर्क तोड़ दिया जाता था।
बैंक खातों और साइबर क्राइम पोर्टल की जांच में आरोपियों के खातों से जुड़ी कई अन्य शिकायतें भी सामने आईं। पुलिस के अनुसार कौशल साहू और दीपक कुमार साहू से शादी के लिए रिश्ता कराने के नाम पर ठगी की शिकायतें मिलीं, जिनकी रकम आरोपियों के खातों में पहुंची थी।

इसी तरह कवर्धा जिले के रमेश साहू से भी रिश्ता दिलाने के नाम पर ठगी की गई। इस मामले में UPI के माध्यम से भेजी गई रकम आरोपी सोनू साहू के खाते में पहुंची और बाद में वही रकम शिकायतकर्ता अजय राठौर के खाते में क्रेडिट होना पाया गया। पुलिस के मुताबिक आरोपियों के विरुद्ध साइबर क्राइम पोर्टल पर चार अन्य शिकायतें भी दर्ज हैं। मोबाइल चैटिंग की जांच में कई अन्य लोगों से ठगी किए जाने के संकेत मिले हैं, जिनके द्वारा अभी तक रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है। बैंक खातों और मोबाइल चैट की आगे जांच में ठगी की घटनाओं की संख्या बढ़ने की संभावना पुलिस ने जताई है।

गिरफ्तार आरोपियों में लक्ष्मीनारायण उर्फ लाला साहू (26 वर्ष), निवासी ग्राम अमोदा, थाना नवागढ़, हाल पता जांजगीर और सोनू साहू (20 वर्ष), निवासी बेलदारपारा, चांपा शामिल हैं। अपराध में पर्याप्त साक्ष्य मिलने के बाद दोनों को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पूरी कार्रवाई में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक भास्कर शर्मा, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, प्रदीप दुबे, माखन साहू और शाहबाज खान का सराहनीय योगदान रहा।

Related Articles