Uncategorized

नए जीएसटी स्लैब से जनता को राहत और अर्थव्यवस्था को गति: अमर सुल्तानिया …

जांजगीर-चांपा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा जीएसटी के नए स्लैब लागू करने के फैसले को लेकर वरिष्ठ भाजपा नेता एवं छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के प्रदेश महामंत्री अमर सुल्तानिया ने इसे ऐतिहासिक और जनहितैषी निर्णय बताया है। उन्होंने कहा कि यह कदम भारतीय अर्थव्यवस्था को अधिक पारदर्शी, संगठित और सशक्त बनाने वाला है।

सुल्तानिया ने कहा कि 22 सितम्बर से लागू होने जा रहे नए जीएसटी स्लैब का सबसे बड़ा फायदा आम जनता को मिलेगा। रोजमर्रा की जरूरतों और घरेलू सामानों पर कर दरों में कटौती से मध्यमवर्गीय व निम्न आय वर्ग के परिवारों की जेब पर बोझ कम होगा और उनकी क्रय शक्ति बढ़ेगी। इससे बाजार में मांग व खपत में वृद्धि होगी, जिसका सीधा असर आर्थिक विकास पर पड़ेगा।

व्यापारी दृष्टिकोण से उन्होंने कहा कि कर दरों को युक्तिसंगत बनाए जाने से टैक्स अनुपालन आसान होगा और व्यापारियों को राहत मिलेगी। लेन-देन में पारदर्शिता बढ़ेगी और सरकार के लिए राजस्व संग्रह भी मजबूत होगा। उन्होंने इसे व्यापारी वर्ग और सरकार दोनों के लिए “विन-विन स्थिति” बताया।साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि कुछ विलासिता की वस्तुओं पर कर बढ़ाया गया है, लेकिन इसे देशहित में आवश्यक कदम बताया। उनके अनुसार लक्जरी उत्पादों पर अतिरिक्त कर से सरकार को विकास व जनकल्याण कार्यों के लिए अधिक संसाधन प्राप्त होंगे।

अंत में अमर सुल्तानिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का यह निर्णय संतुलित दृष्टिकोण को दर्शाता है, जो जनता को राहत देने, व्यापार को सरल बनाने और अर्थव्यवस्था को नई गति देने में मील का पत्थर साबित होगा।

Related Articles