Uncategorized

भारतीय जनता युवा मोर्चा में लव देवांगन को मिली कमान, नगर मंडल अध्यक्ष बनने से युवाओं में खुशी …


चांपा। भारतीय जनता युवा मोर्चा की नगर मंडल कार्यकारिणी की घोषणा के साथ ही चांपा नगर में खुशी और उत्साह का माहौल देखने को मिला। चांपा निवासी युवा व तेज-तर्रार कार्यकर्ता लव देवांगन को भारतीय जनता युवा मोर्चा का नगर मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति पर पार्टी कार्यकर्ताओं और युवाओं में विशेष उत्साह देखा गया।

सूची जारी होते ही कार्यकर्ताओं ने लव देवांगन को बधाइयाँ देना शुरू कर दिया। युवाओं का कहना है कि लव देवांगन की सक्रियता, संगठन के प्रति निष्ठा और जमीनी स्तर पर कार्य करने की क्षमता को देखते हुए यह नियुक्ति संगठन को और मजबूती देगी। उनके नेतृत्व में युवा मोर्चा नगर स्तर पर और अधिक सक्रिय भूमिका निभाएगा।
नियुक्ति पर प्रतिक्रिया देते हुए लव देवांगन ने पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, जिला अध्यक्ष एवं मंडल के वरिष्ठ पदाधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जो जिम्मेदारी उन्हें सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे। साथ ही उन्होंने भरोसा दिलाया कि भारतीय जनता युवा मोर्चा को और अधिक मजबूत करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का कार्य किया जाएगा।

लव देवांगन की नियुक्ति को संगठन में युवाओं को आगे लाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जिससे आगामी समय में पार्टी की गतिविधियों को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Related Articles