



चांपा। चांपा निवासी युवा एवं तेजतर्रार कार्यकर्ता देवव्रत देवांगन को एक बार फिर भारतीय जनता युवा मोर्चा में महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। जारी की गई नई सूची में देवव्रत देवांगन को जिला मंत्री नियुक्त किया गया है। उनकी यह नियुक्ति उनकी कार्यकुशलता, सक्रियता और संगठन के प्रति समर्पण को देखते हुए पुनः की गई है।
जिला मंत्री बनाए जाने की सूचना सामने आते ही पार्टी कार्यकर्ताओं एवं युवाओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मजबूती की दिशा में एक सकारात्मक कदम बताया। देवव्रत देवांगन लंबे समय से युवा मोर्चा में सक्रिय रहकर संगठनात्मक कार्यों में अहम भूमिका निभाते रहे हैं, जिसका परिणाम उन्हें पुनः यह जिम्मेदारी सौंपे जाने के रूप में सामने आया है।
अपनी नियुक्ति पर देवव्रत देवांगन ने जिला अध्यक्ष एवं मंडल अध्यक्ष सहित पार्टी के वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वे भारतीय जनता युवा मोर्चा को और अधिक मजबूत करने के लिए पूरी निष्ठा और ऊर्जा के साथ कार्य करेंगे तथा छत्तीसगढ़ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के सभी वर्गों तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।










