



जांजगीर-चांपा। खाद्य विभाग में रायपुर में नौकरी लगवाने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को चांपा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। यह कार्रवाई थाना चांपा द्वारा धोखाधड़ी के गंभीर मामले में की गई है।


पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार आरोपी भीम कुमार पटेल पिता स्व. मोहनलाल पटेल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम जरवे थाना नगरदा जिला सक्ती ने स्वयं को मंत्रालय रायपुर में ऊंचे संपर्क होने का दावा करते हुए खाद्य विभाग में नौकरी दिलाने का झांसा दिया। इस झांसे में आकर प्रार्थी यशवंत सिंह, निवासी गुरु नानक रेसिडेंसी चांपा, ने आरोपी को कुल 15 लाख रुपये देने की सहमति दी। प्रकरण के अनुसार दिनांक 15 जुलाई 2024 को प्रार्थी ने 7 लाख रुपये यूनियन बैंक शाखा चांपा से RTGS के माध्यम से आरोपी के बैंक खाते में ट्रांसफर किए। शेष 8 लाख रुपये नौकरी ज्वाइनिंग के बाद लेने की बात कही गई थी। तीन माह बीतने के बाद भी जब नौकरी नहीं लगी तो आरोपी टालमटोल करने लगा। दबाव बनाने पर आरोपी ने 28 नवंबर 2025 को फोनपे के माध्यम से 1 लाख रुपये वापस किए, लेकिन शेष रकम लौटाने से इंकार कर दिया और धमकी देने लगा। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना चांपा में धारा 318(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।


मामले की गंभीरता को देखते हुए निवेदिता पाल पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा के निर्देशन में, उमेश कश्यप अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक तथा योगिता बाली खापर्डे अनुविभागीय पुलिस अधिकारी चांपा के मार्गदर्शन में त्वरित कार्रवाई की गई। पुलिस टीम ने आरोपी को ग्राम जर्वे थाना नगरदा से घेराबंदी कर गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने खाद्य निरीक्षक पद पर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में अशोक कुमार वैष्णव थाना प्रभारी चांपा, उप निरीक्षक उमेंद्र मिश्रा, प्रधान आरक्षक नरसिंह बर्मन, आरक्षक शैलेंद्र सूर्यवंशी सहित थाना स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा।








