Uncategorized

घट स्थापना के साथ शिरीष पाठ मंदिर में प्रज्ज्वलित हुई मनोकामना ज्योति, 250 से अधिक श्रद्धालुओं ने जलाए दीप …

जांजगीर-चांपा। शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर पामगढ़ अंचल के प्रमुख देवी मंदिर शिरीष पाठ, डोंगाकोहरौद में घट स्थापना के साथ मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित की गई। धार्मिक अनुष्ठानों के बीच माता के दरबार में नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। इस वर्ष श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर में 250 से अधिक भक्तों ने अपनी मनोकामनाओं की पूर्ति और सुख-समृद्धि की कामना के साथ मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित कराई है।

नवरात्रि के पहले दिन घट स्थापना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ मंदिर परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर हो उठा। मां दुर्गा की आराधना और आस्था के इस पर्व पर श्रद्धालुओं ने परिवार की सुख-शांति, खुशहाली और मंगलमय जीवन की कामना की। मान्यता के अनुसार, नवरात्रि में माता की आराधना और मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलित करने से भक्तों को आध्यात्मिक शांति और सकारात्मक ऊर्जा प्राप्त होती है।

शिरीष पाठ मंदिर पामगढ़ अंचल के श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। शारदीय नवरात्रि के दौरान यहां नौ दिनों तक भक्तों का आना-जाना लगा रहेगा। श्रद्धालु माता के दर्शन कर पूजा-अर्चना करेंगे और अपनी मनोकामनाओं के साथ ज्योति के माध्यम से माता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करेंगे। मंदिर परिसर में नवरात्रि पर्व को लेकर धार्मिक उत्साह और भक्ति का माहौल बना हुआ है।

घट स्थापना एवं मनोकामना ज्योति प्रज्ज्वलन के अवसर पर गांव के विशिष्ट नागरिक संतोष कौशिक, घनश्याम साहू सहित नवजागरण शिरीष कल्याण सेवा समिति के देवकुमार पाण्डेय, बरसन कश्यप, सुमन कश्यप, धनेंद्र कौशिक, जोहन पटवा, श्याम कश्यप, छोटेलाल साहू, माखन कश्यप, हरीलाल धीवर, रामकृष्ण कश्यप, गीतेश सारथी, ज्योति सेवक नरहरी पटेल, रामलाल कौशिक, लव पटेल, उपेंद्र कश्यप, इंद्र कुमार कश्यप, संजू साहू, जुगनू पटेल, दुष्यंत कौशिक, भुनेश्वर कश्यप और छोटे कुमार कश्यप सहित अन्य श्रद्धालु उपस्थित रहे। शारदीय नवरात्रि के शुभारंभ के साथ शिरीष पाठ मंदिर में आस्था की ज्योति प्रज्ज्वलित हो चुकी है। अगले नौ दिनों तक माता की आराधना, दर्शन और धार्मिक गतिविधियों के बीच मंदिर में भक्तिमय वातावरण बना रहने की उम्मीद है।

Related Articles