



जांजगीर-चांपा। सूरजपुर जिले में कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई सामने आई है। कुमेली इलाके के जंगलों में संचालित जुआ फड़ का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी (पुलिस महानिरीक्षक) के सख्त निर्देश पर साइबर प्रभारी सहित कुल 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।


क्या है पूरा मामला – हाल ही में वायरल हुए वीडियो में कुमेली क्षेत्र के जंगलों में खुलेआम बड़े पैमाने पर जुआ खेलते लोग नजर आए। वीडियो सामने आने के बाद यह सवाल उठने लगे कि पुलिस की मौजूदगी के बावजूद इतना बड़ा जुआ फड़ कैसे संचालित हो रहा था। प्राथमिक जांच में इसे पुलिस की गंभीर लापरवाही और संभावित मिलीभगत से जोड़कर देखा गया।
आईजी के निर्देश पर त्वरित कार्रवाई – वीडियो के वायरल होते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच कराई। जांच में दोषी पाए जाने पर पुलिस महानिरीक्षक ने तत्काल प्रभाव से कार्रवाई के आदेश दिए, जिसके बाद सूरजपुर जिले के साइबर सेल प्रभारी समेत 7 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया।
पुलिस की साख पर उठे सवाल – कुमेली क्षेत्र में जुआ और सट्टेबाजी के इस खेल ने खाकी की साख पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि लंबे समय से क्षेत्र में अवैध गतिविधियों को संरक्षण मिल रहा था। इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में अनुशासन बहाल करने और अपराधियों से सांठ-गांठ रखने वालों के लिए कड़ा संदेश माना जा रहा है।










