Uncategorized

सुशासन तिहार के समाधान शिविर में पहुंची अनोखी मांग, मदिरा दुकानों में ‘गोवा ब्रांड’ शराब की उपलब्धता का आवेदन …

img 20260515 2209136239831228367649463 Console Corptech
फ़ाइल फोटो…

जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा आयोजित “सुशासन तिहार 2026” के अंतर्गत लगाए जा रहे समाधान शिविरों में आम जनता की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया जा रहा है। इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य जनसमस्याओं और मांगों का त्वरित समाधान करना है, लेकिन इसी बीच कुछ अजीबोगरीब मांगें भी सामने आ रही हैं, जो चर्चा का विषय बन रही हैं।

इसी कड़ी में शुक्रवार को महासमुंद जिले के पिथौरा विकासखंड अंतर्गत ग्राम मुढ़ीपार में आयोजित समाधान शिविर में एक अनोखा मामला सामने आया। यहां एक व्यक्ति ने आबकारी विभाग को लिखित आवेदन देकर जिले की मदिरा दुकानों में “गोवा ब्रांड” की शराब उपलब्ध कराने की मांग कर दी। आबकारी विभाग के अधिकारियों ने जानकारी दी कि जिले में अब तक इस प्रकार की दो शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं, जिनमें विशेष रूप से गोवा ब्रांड की शराब उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इस दौरान मंच पर मौजूद प्रभारी मंत्री दयाल दास बघेल इस मांग को सुनकर हल्की मुस्कान के साथ प्रतिक्रिया देते नजर आए, जिससे शिविर का माहौल कुछ समय के लिए हल्का-फुल्का हो गया।

हालांकि मंत्री ने स्पष्ट किया कि समाधान शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता से लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कोई भी शिकायत या मांग अनदेखी नहीं की जाएगी और सभी आवेदनों का नियमानुसार शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासन का उद्देश्य है कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनता को त्वरित और पारदर्शी समाधान मिले।

Related Articles