ग्राम तागा में नवनिर्मित मां चंडी दाई मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 11 अक्टूबर से, तैयारियां पूरी …


जांजगीर-चांपा। नवरात्र पर्व के पावन अवसर पर जांजगीर जिले के ग्राम पंचायत तागा में नवनिर्मित मां चंडी दाई मंदिर का प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव 11 अक्टूबर से धूमधाम के साथ शुरू होने जा रहा है। मां चंडी दाई के प्रति आस्था और श्रद्धा से जुड़े इस आयोजन को लेकर ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। मंदिर निर्माण का कार्य पिछले एक वर्ष से जारी था, जिसमें डबरहा तिवारी परिवार सहित ग्रामवासियों ने सक्रिय सहभागिता निभाई है।महोत्सव के आयोजन को लेकर डबरहा तिवारी परिवार और समस्त ग्रामवासी जुटे हुए हैं। परिवार के प्रमुख सदस्य दिनेश तिवारी एवं प्रशांत तिवारी ने पत्रिका के माध्यम से क्षेत्रवासियों, श्रद्धालुओं और धर्मप्रेमियों को महोत्सव में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। आयोजकों ने श्रद्धालुओं से सपरिवार पहुंचकर मां चंडी दाई का आशीर्वाद लेने और पुण्य के भागी बनने की अपील की है।
कलश यात्रा के साथ शुरू होगा महोत्सव – निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 11 अक्टूबर, रविवार को सुबह 10 बजे कलश यात्रा एवं जल यात्रा निकाली जाएगी। इसके साथ ही वेदी पूजन और अखंड ज्योति कलश प्रज्वलित करने का धार्मिक अनुष्ठान होगा। वहीं 12 अक्टूबर, सोमवार को जलाधिवास, अन्नाधिवास, पुष्पाधिवास सहित मां चंडी दाई की प्राण प्रतिष्ठा, षोडशोपचार पूजन, आरती एवं प्रसाद वितरण किया जाएगा।
19 अक्टूबर को कन्या भोज और महाभंडारा – महोत्सव के अंतिम चरण में 19 अक्टूबर, सोमवार को नवमी तिथि के अवसर पर हवन, कन्या भोज, ब्राह्मण भोज एवं मां चंडी दाई के भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में धार्मिक आस्था, सामाजिक सहभागिता और आपसी सौहार्द का संदेश देने की तैयारी है।
नवनिर्मित मंदिर में मां चंडी दाई की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर ग्राम तागा सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। आयोजक परिवार और ग्रामवासी महोत्सव को सफल बनाने में जुटे हैं। मां के जयकारों और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच ग्राम तागा में नवरात्र का वातावरण भक्तिमय होने जा रहा है।



