


चांपा। गौ माता की संवर्धन, संरक्षण,चिकित्सा,पंचगव्य प्राप्ति हेतु गौ अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने हेतु 22 मई दिन शुक्रवार को छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष विशेषर पटेल ने गौशाला में अनुसंधान केंद्र की संभावित स्थल का अवलोकन किया।


उन्होंने श्रीकृष्ण गौशाला चांपा में गौ अनुसंधान करने पंचगव्य निर्माण, आहता निर्माण, गौ अनुसंधान केंद्र में गौ पालन एवं संरक्षण,नस्ल सुधार,संवर्धन के गौ माता के गोबर और गोमूत्र पर आधारित उत्पादों से प्राप्त होने वाली पंचगव्य का परिशोधन कर विस्तृत अनुसंधान के माध्यम से पंचगव्य से निर्मित औषधियों के निर्माण के साथ ही अन्य क्षेत्रों में भी पंचगव्य की महत्ता को स्थापित करने एवं प्रशिक्षण के माध्यम से गौ पालन में जन – जन को जागरूक करने का प्रयत्न किया जाएगा साथ ही श्री पटेल ने उच्चाधिकारियों को गौ सेवा हेतु आवश्यक निर्देश भी दिए।

ज्ञात हो कि गौ अनुसंधान केंद्र की मांग को लेकर भाजपा नेता एवं पूर्व राज्य सभा सांसद प्रतिनिधि अखिलेश कोमल पांडेय ने बिलासपुर प्रवास के दौरान विगत दिनों विशेषर पटेल से सौजन्य भेंट कर ज्ञापन दिया था। पूर्व राज्य सभा सांसद एवं अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय की सांसद निधि से दस लाख रुपए की लागत से श्री कृष्ण गौशाला चांपा में नवीन गौशाला भवन का निर्माण हुआ था। इसी तारतम्य में गौ अनुसंधान केंद्र के बहुप्रतीक्षित मांग अब साकार होता नजर आ रहा है।
भाजपा नेता अखिलेश कोमल पाण्डेय ने बताया कि गौशाला में नवीन भवन , शेड,बाऊंड्रीवाल एवं सौर ऊर्जा का शीघ्र ही निर्माण किया जाएगा,जिससे गौ वंश को सुरक्षित एवं संरक्षित किया जाएगा। नवीन भवन, शेड के निर्माण होते ही गौशाला में गौवंश की वृद्धि कर विधिवत अनुदान प्राप्ति के साथ ही पंचगव्य तथा अनुसंधान की प्रक्रिया को गति मिलेगी। इस अवसर पर पशुचिकित्सक एवं गौ सेवक उपस्थित थे।





