


जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नगर पंचायत बम्हनीडीह निर्वाचन 2026 के अंतर्गत दिनांक 01 जून 2026 को होने वाले मतदान हेतु सभी प्रशासनिक, सुरक्षा एवं निर्वाचन संबंधी तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। निर्वाचन प्रक्रिया को स्वतंत्र, निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने के लिए प्रशासन द्वारा व्यापक स्तर पर व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की गई हैं।


कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी जन्मेजय महोबे के सतत मार्गदर्शन, नगर पंचायत निर्वाचन हेतु नियुक्त पर्यवेक्षक अवध राम टंडन के पर्यवेक्षण, उप जिला निर्वाचन अधिकारी देवेंद्र चौधरी के समन्वय, रिटर्निंग ऑफिसर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) चाम्पा पवन कोसमा के निर्देशन तथा सहायक रिटर्निंग ऑफिसर एवं तहसीलदार बम्हनीडीह शशिभूषण सोनी के नेतृत्व में निर्वाचन प्रक्रिया के सभी चरण सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिए गए हैं।

नगर पंचायत बम्हनीडीह में अध्यक्ष पद हेतु कुल 05 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं, जबकि 15 वार्डों में पार्षद पद हेतु विभिन्न अभ्यर्थियों के मध्य निर्वाचन संपन्न कराया जाएगा। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार नाम निर्देशन पत्र प्राप्ति, संवीक्षा, आपत्तियों का निराकरण, अभ्यर्थिता वापसी तथा निर्वाचन प्रतीक आवंटन की समस्त कार्यवाही विधिवत एवं पारदर्शी ढंग से पूर्ण की जा चुकी है।
निर्वाचन प्रक्रिया की निष्पक्षता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से राजनीतिक दलों, अभ्यर्थियों एवं निर्वाचन अभिकर्ताओं की विभिन्न चरणों में बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों में आदर्श आचरण संहिता, प्रचार संबंधी नियम, वाहन अनुमति, मतदान प्रक्रिया, मतदान दिवस के प्रतिबंध, मतगणना प्रक्रिया एवं निर्वाचन आयोग के निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। साथ ही मतदान केन्द्रों, स्ट्रांग रूम, मतदान सामग्री वितरण एवं वापसी स्थल का निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।
नगर पंचायत क्षेत्र के 15 वार्डों के लिए कुल 15 मतदान केन्द्र स्थापित किए गए हैं। सभी मतदान केन्द्रों पर पेयजल, विद्युत, छाया, बैठक व्यवस्था, दिव्यांगजनों हेतु रैम्प, वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्राथमिकता सुविधा, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाएँ सुनिश्चित कर दी गई हैं। प्रत्येक मतदान केन्द्र का अंतिम भौतिक सत्यापन एवं निरीक्षण भी पूर्ण कर लिया गया है।
निर्वाचन कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने हेतु कुल 15 मतदान दलों का गठन किया गया है। सभी पीठासीन अधिकारियों, मतदान अधिकारियों एवं निर्वाचन कार्मिकों का प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न कराया जा चुका है। प्रशिक्षण में ईवीएम संचालन, मतदान प्रक्रिया, मॉक पोल, मतदाता पहचान, निर्वाचन प्रपत्रों का संधारण, मतदान समाप्ति के पश्चात की जाने वाली कार्यवाही एवं निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दलों का रेंडमाइजेशन तथा ईवीएम एवं निर्वाचन सामग्री की कमीशनिंग की कार्यवाही भी विधिवत पूर्ण की जा चुकी है। यह समस्त प्रक्रिया अभ्यर्थियों एवं उनके प्रतिनिधियों की उपस्थिति में पूर्ण पारदर्शिता के साथ संपन्न कराई गई।
मतदान दिवस हेतु आवश्यक समस्त निर्वाचन सामग्री तैयार कर ली गई है। नियंत्रण इकाई, बैलेट यूनिट, वीवीपैट, वैधानिक प्रपत्र, मतदाता रजिस्टर, सील, टैग, स्टेशनरी एवं अन्य निर्वाचन सामग्री का संकलन एवं पैकेजिंग पूर्ण कर ली गई है। मतदान दलों को सामग्री वितरण एवं मतदान उपरांत सामग्री वापसी की व्यवस्था भी सुनिश्चित कर दी गई है।
निर्वाचन की सतत निगरानी एवं प्रभावी पर्यवेक्षण हेतु 03 सेक्टर अधिकारियों/सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई है। इनमें नायब तहसीलदार श्री संजय बरेठ सहित अन्य सेक्टर अधिकारी मतदान दिवस पर अपने-अपने सेक्टरों में भ्रमण कर निर्वाचन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे तथा किसी भी स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।
कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की गई है। थाना प्रभारी बम्हनीडीह दिलीप सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। मतदान केन्द्रों एवं आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त, वाहन जांच, सुरक्षा निरीक्षण एवं प्रतिबंधात्मक कार्यवाही की जा रही है। अवैध शस्त्र, शराब वितरण, धन प्रलोभन तथा निर्वाचन को प्रभावित करने वाली गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
मतदान दिवस पर मतदान का समय प्रातः 08:00 बजे से सायं 05:00 बजे तक निर्धारित किया गया है। सभी मतदाता अपने साथ मतदाता परिचय पत्र अथवा निर्वाचन आयोग द्वारा मान्य पहचान पत्र लेकर मतदान केन्द्र पहुँच सकते हैं। पहचान सत्यापन, अमिट स्याही चिन्हांकन एवं निर्धारित प्रक्रिया पूर्ण होने के उपरांत मतदान कराया जाएगा।
मतदान केन्द्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों एवं गर्भवती महिलाओं को प्राथमिकता प्रदान की जाएगी। ऐसे मतदाता जो स्वयं मतदान करने में असमर्थ हैं, उन्हें निर्वाचन आयोग के प्रावधानों के अनुसार सहयोगी की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी ताकि कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार दिनांक 30 मई 2026 की मध्यरात्रि 12:00 बजे से चुनाव प्रचार पूर्णतः प्रतिबंधित हो चुका है। इसके पश्चात दिनांक 31 मई 2026 एवं मतदान दिवस 01 जून 2026 को किसी भी प्रकार की सभा, जुलूस, नुक्कड़ सभा, भाषण, नारेबाजी, प्रचार वाहन, पोस्टर, बैनर, पर्चे वितरण, ध्वनि विस्तारक यंत्र अथवा अन्य चुनाव प्रचार गतिविधियाँ प्रतिबंधित हैं। मतदान केन्द्रों के भीतर मोबाइल फोन, कैमरा एवं वीडियो रिकॉर्डिंग उपकरणों के उपयोग की अनुमति नहीं होगी तथा मतदान की गोपनीयता बनाए रखना प्रत्येक मतदाता एवं निर्वाचन कार्मिक का दायित्व होगा।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार मतदान दिवस को क्षेत्र में ड्राई डे प्रभावशील रहेगा। शराब का विक्रय, परिवहन, वितरण एवं सेवन पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। मतदाताओं को धन, उपहार, शराब अथवा अन्य किसी प्रलोभन के माध्यम से प्रभावित करने का प्रयास निर्वाचन अपराध की श्रेणी में आएगा, जिस पर तत्काल वैधानिक कार्यवाही की जाएगी।
मतदान सम्पन्न होने के उपरांत ईवीएम मशीनों एवं निर्वाचन अभिलेखों को सुरक्षित रखने हेतु स्ट्रांग रूम पूर्णतः तैयार कर लिया गया है। मतगणना कार्य हेतु नियुक्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों का प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक पूर्ण हो चुका है। मतगणना स्थल पर सुरक्षा, अभिलेख संधारण, अभ्यर्थी प्रतिनिधियों की बैठक व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित कर ली गई हैं।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार मतगणना दिनांक 04 जून 2026 को प्रातः 09:00 बजे से प्रारंभ होगी। मतगणना प्रक्रिया निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित नियमों एवं दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूर्ण पारदर्शिता, सुरक्षा एवं विधिक प्रक्रिया के साथ संपन्न कराई जाएगी।
रिटर्निंग ऑफिसर पवन कोसमा एवं सहायक रिटर्निंग ऑफिसर शशिभूषण सोनी ने नगर पंचायत बम्हनीडीह के समस्त मतदाताओं से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाते हुए दिनांक 01 जून 2026 को अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें।





