Uncategorized

शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने वाला आरोपी चंद घंटों में गिरफ्तार, कोतवाली पुलिस की त्वरित कार्रवाई …

जांजगीर-चांपा। थाना कोतवाली जांजगीर पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती का शारीरिक शोषण करने वाले आरोपी को रिपोर्ट दर्ज होने के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।

पीड़िता ने थाना कोतवाली में दर्ज कराई रिपोर्ट में बताया कि करीब डेढ़ वर्ष पूर्व वह घरेलू कार्य से जांजगीर आई हुई थी। रात हो जाने के कारण वह ऑटो का इंतजार कर रही थी, तभी आरोपी आशीष सिंह पिता स्व. भरत सिंह, उम्र 27 वर्ष, निवासी वार्ड क्रमांक 9 भैंसो, थाना पामगढ़ ने पहचान बताकर मोटरसाइकिल से लिफ्ट दी और घर छोड़ने के बहाने उसका मोबाइल नंबर ले लिया। इसके बाद आरोपी ने लगातार फोन कर पीड़िता से दोस्ती बढ़ाई और नजदीकियां बना लीं। घुमाने के बहाने उसे जांजगीर के एक होटल में ले गया, जहां शादी का झांसा देकर, पीड़िता के विरोध के बावजूद जबरन शारीरिक संबंध बनाए। आरोपी ने बाद में भी डराने-धमकाने के जरिए अनाचार जारी रखा और शादी की बात आने पर टालमटोल करता रहा।

लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर पीड़िता ने कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल आरोपी के गांव भैंसो रवाना हुई। आरोपी को उसके घर से हिरासत में लिया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने शादी का झांसा देकर शोषण करने की बात स्वीकार की, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में निरीक्षक जयप्रकाश गुप्ता थाना प्रभारी सिटी कोतवाली, उप निरीक्षक उमेन्द्र मिश्रा, सहायक उप निरीक्षक अरुण कुमार सिंह, प्रधान आरक्षक प्रकाश राठौर एवं महिला आरक्षक रेखा यादव का विशेष योगदान रहा।

Related Articles