ब्लैकमेलिंग की हैवानियत: निजी फोटो वायरल करने की धमकी से टूटे युवक ने खाया जहर, महिला आरोपी जेल दाखिल ….




जांजगीर-चांपा। ब्लैकमेलिंग के गंभीर मामले में थाना अकलतरा पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को राजनांदगांव से गिरफ्तार किया है। निजी फोटो वायरल करने की धमकी देकर पैसे मांगने से परेशान होकर एक युवक द्वारा जहर खाने की घटना सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने आरोपी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में की गई इस कार्रवाई में प्रारंभिक जांच के बाद आरोपी महिला को हिरासत में लिया गया। पुलिस के अनुसार, महिला आरोपी लगातार युवक को ब्लैकमेल कर रही थी, जिससे मानसिक रूप से प्रताड़ित होकर युवक ने कीटनाशक सेवन कर लिया। पीड़ित युवक पिछले सात दिनों से बिलासपुर के अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। पीड़ित युवक ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि राजनांदगांव जिले की महिला आरोपी ने उसके निजी और आपत्तिजनक फोटो मोबाइल के माध्यम से भेजे तथा उन्हें सार्वजनिक करने की धमकी देकर पैसों की मांग की। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर युवक ने आत्महत्या का प्रयास किया।

12–15 दिनों से चल रही थी ब्लैकमेलिंग – जांच में सामने आया कि पीड़ित और महिला आरोपी एक-दूसरे को पहले से जानते थे। बीते 12 से 15 दिनों के दौरान महिला आरोपी ने पीड़ित के निजी फोटो न केवल उसे बल्कि उसके परिजनों के मोबाइल पर भी भेजे और इंस्टाग्राम पर वायरल करने की धमकी दी। लगातार प्रताड़ना के चलते युवक ने यह कदम उठाया।
मोबाइल जब्त, चैट बनी अहम सबूत – पुलिस ने प्रकरण में धारा 308(2) बीएनएस एवं 67 आईटी एक्ट में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की। पूछताछ के दौरान आरोपी महिला ने जुर्म स्वीकार किया, जिसके बाद उसके मोबाइल को जब्त कर लिया गया। मोबाइल में मौजूद व्हाट्सएप चैट और अन्य डिजिटल साक्ष्य जांच में अहम सबूत बने हैं। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, उप निरीक्षक विनोद जटवार, प्रशिक्षु उप निरीक्षक दिव्या कुर्रे तथा आरक्षक राजा रात्रे का विशेष योगदान रहा।




