

जांजगीर-चांपा। अकलतरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने और सड़क पर लापरवाहीपूर्वक वाहन खड़ा कर आवागमन बाधित करने वालों के खिलाफ अकलतरा पुलिस ने सख्त कार्रवाई की। पुलिस अधीक्षक जांजगीर-चांपा विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन में चलाए गए अभियान के दौरान मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कई वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई।
41 वाहनों पर नो-पार्किंग की कार्रवाई – पुलिस के अनुसार शास्त्री चौक से रेलवे स्टेशन और डाकघर के बीच वाहन चालकों द्वारा सड़क पर बेतरतीब तरीके से वाहन खड़े किए जाने से यातायात प्रभावित हो रहा था। इस पर पुलिस ने अभियान चलाकर 41 वाहनों के विरुद्ध नो-पार्किंग की कार्रवाई की।
तीन सवारी और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर शिकंजा – अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले 08 तीन सवारी वाहनों तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ भी मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत कार्रवाई की गई। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत भी दी।
दुकानों के सामने ठेले-गुमटियों से भी प्रभावित हो रहा आवागमन – पुलिस के मुताबिक दुकानों के सामने पार्किंग स्थल पर ठेले और गुमटियां लगाए जाने के कारण चौड़ी सड़क संकरी हो रही है। इससे लगातार आवागमन बाधित होने की स्थिति बन रही है। यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए पुलिस द्वारा क्षेत्र में लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यार्क एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक यातायात उदयन बेहार के मार्गदर्शन तथा अनुविभागीय पुलिस अधिकारी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में की गई। थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू के नेतृत्व में अकलतरा थाना स्टाफ ने कार्रवाई को अंजाम दिया। पुलिस ने वाहन चालकों से सड़क पर निर्धारित स्थान पर ही वाहन पार्क करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

