Uncategorized

माँ समलेश्वरी मंदिर में जगमगाए आस्था के दीप, मनोकामना ज्योति प्रज्वलित कर नवरात्रि का शुभारंभ …

चांपा। वर्षों पुरानी परंपरा और अटूट आस्था के बीच रविवार को चांपा नगर में शारदीय नवरात्रि पर्व का शुभारंभ हुआ। नगर की कुलदेवी आदिशक्ति माँ समलेश्वरी मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना, घट स्थापना और मनोकामना दीप प्रज्वलन के साथ भक्तिमय वातावरण बन गया। वहीं, नगर के विभिन्न दुर्गा पंडालों में मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं विराजित की गईं। माता के आगमन पर संगीतमय कार्यक्रम, आतिशबाजी, महाआरती और प्रसाद वितरण के आयोजन हुए। पहले दिन मां शैलपुत्री की आराधना के साथ नौ दिवसीय पर्व की शुरुआत हुई।

चांपा नगर की कुलदेवी श्री माँ समलेश्वरी मंदिर में सुबह मंगला आरती के बाद नवरात्रि के शुभ मुहूर्त में सुबह 9:30 बजे मनोकामना दीप प्रज्वलित किए गए। चांपा जमींदारी के जमींदार कुमार भिवेंद्र बहादुर सिंह, कुंवर आर्यवीर सिंहदेव, मंदिर व्यवस्थापन समिति के सदस्यों, बैगा और श्रद्धालुओं ने मां समलेश्वरी के समक्ष दीप प्रज्वलित कर पर्व का शुभारंभ किया। राजपुरोहित परिवार के पंडित कृष्णा द्विवेदी और अतुल कृष्ण द्विवेदी ने मंत्रोच्चार के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कराई। मंदिर में बैगा सेवकों और भक्तों ने ज्वारा एवं ज्योति कलश प्रज्वलित किए। नवरात्रि के पहले दिन से अंतिम दिन तक बैगा सेवकों द्वारा इनकी नियमित देखरेख की जाएगी। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। भक्तों ने माता के दर्शन कर आशीर्वाद लिया, प्रसाद ग्रहण किया और मनोकामना कलश के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

नगर के हटरी चौक में विराजित मां दुर्गा के आगमन पर सेंट्रल बैंक चौक में भव्य स्वागत किया गया। यहां संगीतमय कार्यक्रम, आतिशबाजी, महाआरती और प्रसाद वितरण हुआ। वहीं सोनारपारा की मां दुर्गा का नीम चौक में स्वागत किया गया। श्रद्धालुओं ने रंग-बिरंगे गुब्बारे उड़ाकर और महाआरती कर माता की प्रतिमा को पंडाल तक पहुंचाया।
पोस्ट ऑफिस के बगल स्थित माई की बगिया को आकर्षक ढंग से सजाया गया। शाम ढलते ही यहां रोशनी और सितारों जैसी सजावट के बीच महाआरती के साथ माता का स्वागत हुआ। हटवारा चौक के दुर्गा पंडाल में भी आकर्षक साज-सज्जा और महाआरती के साथ माता का आगमन हुआ।

नवरात्रि पर्व को लेकर नगर के विभिन्न पंडालों में कई दिनों से तैयारियां चल रही थीं। पहले दिन से ही मंदिरों और पूजा स्थलों में श्रद्धालुओं की भीड़ दिखाई दी। मां शैलपुत्री की आराधना के साथ शुरू हुआ यह पर्व आगामी नौ दिनों तक चांपा में भक्ति, आस्था और उत्साह का माहौल बनाए रखेगा।

Related Articles