

चांपा। चांपा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत हथनेवरा के वार्ड नंबर 17 के पंच जय कुमार केवंट का शव बुधवार को गांव से करीब एक किलोमीटर दूर घनवार डेरा के पास हसदेव नदी किनारे मिला। शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी जानकारी चांपा पुलिस को दी। सूचना मिलते ही चांपा पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की। पुलिस ने पंचनामा तैयार करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही जय कुमार केवंट की मौत के वास्तविक कारण का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
मूर्तिकला में थी विशेष पहचान – ग्रामीणों के अनुसार जय कुमार केवंट एक अच्छे मूर्तिकार थे। वे गणेश भगवान और मां दुर्गा की प्रतिमाएं बनाने के साथ ही दशहरा पर्व के दौरान रावण के पुतले बनाने का काम भी करते थे। उनके निधन की खबर से गांव में शोक का माहौल है। पुलिस द्वारा मौत के कारणों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।



