Uncategorized

अच्छी सोच, अच्छा लक्ष्य और अच्छा परिणाम के संदेश के साथ टीसीएल महाविद्यालय में मनाया गया विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस …

जांजगीर-चांपा। विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर शासकीय टीसीएल स्नातकोत्तर महाविद्यालय, जांजगीर के मनोविज्ञान विभाग द्वारा मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना, सकारात्मक सोच को प्रोत्साहित करना तथा भावनात्मक संतुलन और मनोवैज्ञानिक कल्याण के महत्व को समझाना था। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता निभाई।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.आर. लहरे द्वारा वॉल ऑफ होप पर लिखी प्रेरक उक्ति ‘अच्छी सोच, अच्छा लक्ष्य, अच्छा परिणाम’ कार्यक्रम का प्रमुख संदेश रही। इसके माध्यम से सकारात्मक चिंतन, जीवन में लक्ष्य निर्धारण और बेहतर भविष्य के लिए आशावादी दृष्टिकोण अपनाने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों एवं प्राध्यापकों के चंदन-कुमकुम से स्वागत और सम्मान के साथ हुई। स्वनिर्मित पुष्पगुच्छ भेंट कर अतिथियों का अभिनंदन किया गया। सखी सेंटर से आए अतिथियों ने विद्यार्थियों को महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं, विशेषकर बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ अभियान के संबंध में जानकारी दी। इसके बाद प्राध्यापकों ने वॉल ऑफ होप में सहभागिता करते हुए बेहतर जीवन से जुड़े प्रेरक विचार लिखे। कार्यक्रम के अगले चरण में प्रो. माधुरी मिंज तिग्गा और डॉ. इंदु साधवानी ने प्राध्यापकों एवं विद्यार्थियों के लिए ध्यान केंद्रित करने और मन को शांत रखने से संबंधित गतिविधियां कराईं। इन गतिविधियों के माध्यम से मानसिक शांति, एकाग्रता और भावनात्मक संतुलन के महत्व को समझाया गया। मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए प्राध्यापकों और विद्यार्थियों के साथ क्यूआर कोड साझा किया गया। इसके माध्यम से वे अपना मानसिक स्वास्थ्य परीक्षण कर सकते हैं तथा आवश्यकता होने पर मनोविज्ञान विभाग से परामर्श प्राप्त कर सकते हैं।

मनोविज्ञान विभाग द्वारा पोस्टर, कार्ड निर्माण, रंगोली और नृत्य सहित विभिन्न रचनात्मक गतिविधियां आयोजित की गईं। कार्ड निर्माण प्रतियोगिता में बीए प्रथम सेमेस्टर की उमरा नाज़ ने प्रथम और युवराज ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। रंगोली प्रतियोगिता में एलएलबी पंचम सेमेस्टर की आशा राठौर प्रथम रहीं। प्रभा एवं उनकी टीम ने द्वितीय तथा बीए प्रथम सेमेस्टर की गरिमा और सृष्टि ने तृतीय स्थान हासिल किया। पोस्टर प्रतियोगिता में प्रभा ने प्रथम और आदित्य देवांगन ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। गरिमा, सृष्टि, लक्ष्मी एवं उनकी टीम ने भी सहभागिता निभाई। महिला एवं बाल विकास विभाग से आए अतिथियों को प्रमाण-पत्र और स्मृति-चिह्न देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), रेडक्रॉस तथा मनोविज्ञान विभाग के स्नातक एवं स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने भाग लिया। राजनीति विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ. कोमल शुक्ला ने कार्यक्रम का संचालन किया, जबकि प्रो. माधुरी मिंज तिग्गा ने आभार व्यक्त किया।

Related Articles