स्कूल में बच्चों से सीमेंट का मसाला बनवाने का वीडियो वायरल, जांच के बाद होगी कार्रवाई …

जांजगीर-चांपा। अकलतरा विकासखंड के ग्राम कोटमी सोनार स्थित नवीन प्राथमिक शाला बाजारपारा में बच्चों से मरम्मत कार्य कराए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से शिक्षा विभाग में हलचल मच गई है। वीडियो में बच्चे अपने हाथों से सीमेंट का मसाला तैयार करते और दीवारों की भराई करते दिखाई दे रहे हैं। ग्रामीणों ने इस पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

ग्रामीणों के अनुसार, विद्यालय की प्रधान पाठिका रतना सोनी करीब 20 वर्षों से इसी स्कूल में पदस्थ हैं। इसको लेकर भी विभागीय निगरानी और जवाबदेही पर सवाल उठाए जा रहे हैं।

वहीं प्रधान पाठिका रतना सोनी का कहना है कि स्कूल के सामने आंगनवाड़ी भवन का निर्माण कार्य चल रहा है। वह स्वयं गड्ढों में सीमेंट का घोल भर रही थीं, लेकिन किसी काम से कार्यालय जाने के दौरान बच्चों ने सीमेंट पकड़ लिया और किसी ने वीडियो बनाकर वायरल कर दिया।
इधर, जिला शिक्षा अधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि स्कूल में बच्चों से इस तरह काम कराना मना है। मामले की जांच कराई जाएगी और जांच के बाद संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी। अब ग्रामीणों की नजर शिक्षा विभाग की जांच और कार्रवाई पर है।


