Uncategorized

शादी का झांसा देकर 5.65 लाख की ठगी, चार महिलाओं समेत पांच आरोपी गिरफ्तार …

जांजगीर-चांपा।  शादी के नाम पर लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले गिरोह का जांजगीर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। साइबर थाना पुलिस ने इस मामले में चार महिलाओं और एक पुरुष सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि गिरोह मोबाइल पर शादी के विज्ञापन चलाकर लोगों को रिश्ता तय कराने का भरोसा देता था और फिर बीमारी, दुर्घटना तथा अन्य बहानों से पैसे वसूलता था। नवागढ़ निवासी 53 वर्षीय रेशम लाल साहू से कुल 5 लाख 65 हजार 355 रुपये की ठगी किए जाने का मामला सामने आया है।
पुलिस के अनुसार, रेशम लाल साहू अपने लिए शादी का रिश्ता तलाश रहे थे। इसी दौरान उनके मोबाइल पर शादी से संबंधित एक विज्ञापन आया। संपर्क करने पर उन्हें महासमुंद के सरकारी अस्पताल में नर्स के रूप में काम करने वाली पदमा नाम की युवती से रिश्ता तय कराने का आश्वासन दिया गया। कुछ भुगतान के बाद उन्हें युवती का मोबाइल नंबर उपलब्ध कराया गया।
इसके बाद व्हाट्सऐप चैटिंग और मोबाइल कॉल के जरिए बातचीत शुरू हुई। आरोप है कि युवती ने कभी अपनी मां के इलाज, कभी खुद की बीमारी, कभी दुर्घटना और कभी मां की मृत्यु का हवाला देकर अलग-अलग समय पर रुपये मांगे। भरोसे में आकर रेशम लाल ने जमीन बेचकर मिले पैसे और उधार की रकम सहित कुल 5,65,355 रुपये बताए गए खातों में जमा कर दिए।
जब उन्होंने युवती से मिलने की बात कही तो वह बहाने बनाने लगी। संदेह होने पर रेशम लाल महासमुंद के सरकारी अस्पताल पहुंचे, लेकिन वहां पदमा नाम की कोई नर्स नहीं मिली। इसके बाद उन्हें ठगी का एहसास हुआ और उन्होंने हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने साइबर पोर्टल, बैंक खातों, बैंकिंग विवरण और मोबाइल नंबरों की मदद से संदिग्धों का पता लगाया। जांच में कड़ियां राजनांदगांव से जुड़ीं।
पुलिस के मुताबिक, भूमिका रंगारी ही पदमा बनकर प्रार्थी से बातचीत करती थी और उसने अपने खाते में करीब ढाई लाख रुपये प्राप्त किए थे। पूछताछ में भूमिका ने बताया कि वह वर्ष 2025 में लव लाइक रिश्ते मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। काम छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर फर्जी संस्था चलाकर शादी के विज्ञापनों के माध्यम से लोगों को ठगना शुरू किया। आरोप है कि रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो ने कमीशन के लालच में अपने बैंक खाते उपलब्ध कराए, जिनमें ठगी की बाकी रकम ट्रांसफर हुई।
पुलिस ने भूमिका रंगारी, रोहित कुमार गुप्ता, नसीम बानो, तय्यबा बानो और शायना बानो को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार, भूमिका के खिलाफ शादी के नाम पर पैसे लेने संबंधी अन्य शिकायतें भी साइबर पोर्टल पर दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, प्रशिक्षु उप निरीक्षक लक्ष्मी साहू, सहायक उप निरीक्षक विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक मनोज तिग्गा तथा आरक्षक गिरीश कश्यप, पद्मराज सिंह और दिव्या सिंह का योगदान रहा।
पुलिस की अपील: किसी भी मोबाइल विज्ञापन पर आंख मूंदकर भरोसा न करें। शादी के लिए रिश्ता तलाशते समय संबंधित व्यक्ति और संस्था की पहचान की पुष्टि करें तथा बिना सत्यापन के किसी के खाते में पैसे जमा न करें।

Related Articles