Uncategorized

चांपा में मंझली तालाब की महारानी के रूप में विराजमान हुईं मां दुर्गा, भव्य श्रृंगार ने मोहा भक्तों का मन …

चांपा। नगर में शारदीय नवरात्र पर्व की धूम मची हुई है। जगह-जगह दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। अलग-अलग स्वरूपों में विराजित मां दुर्गा की प्रतिमाएं और भव्य पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। रंग-बिरंगी रोशनी और शानदार साउंड सिस्टम के बीच भक्त मां के दर्शन करने पहुंच रहे हैं। पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर नजर आ रहा है।

इसी कड़ी में जय मां अम्बे दुर्गा उत्सव समिति – श्री गणराज गणेश उत्सव समिति द्वारा चांपा नगर के मंझली तालाब स्थित लायंस चौक के पास मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। यहां मां दुर्गा को मंझली तालाब की महारानी के रूप में विराजित किया गया है। मां का मनमोहक स्वरूप और आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं को भावविभोर कर रहा है। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचकर मां के दर्शन कर रहे हैं।

भटगांव के मूर्तिकार ने तैयार की प्रतिमा – मां दुर्गा की प्रतिमा भटगांव के मूर्तिकार द्वारा तैयार की गई है। प्रतिदिन विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जा रही है। पूजा पंडित कोमल वैष्णव, शिव शर्मा, यमन शर्मा एवं बैगा बलराम देवांगन द्वारा निभाया जा रहा है। नवरात्र के नौ दिनों तक यहां श्रद्धालुओं की भीड़ और भक्ति का विशेष माहौल देखने को मिलेगा।

18 अक्टूबर को होगा भव्य जसगीत नाइट जागरण – समिति के सदस्यों ने बताया कि 17 अक्टूबर, शनिवार को सप्तमी के अवसर पर रात्रि 8 बजे मां दुर्गा की महाआरती की जाएगी। वहीं, 18 अक्टूबर, रविवार को भागवत मैदान, मंझली तालाब चांपा में विशेष जसगीत नाइट जागरण का आयोजन होगा। इस कार्यक्रम में लोक कलाकार एवं गायक पंडित विवेक शर्मा अपनी भक्ति प्रस्तुतियों से श्रद्धालुओं को भक्तिरस में सराबोर करेंगे।इसके अलावा 19 अक्टूबर, सोमवार को दोपहर 1 बजे कन्या पूजन एवं हवन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।

समिति ने श्रद्धालुओं से की अपील – जय मां अम्बे दुर्गा उत्सव समिति एवं श्री गणराज गणेश उत्सव समिति के सदस्यों ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में जसगीत नाइट जागरण में शामिल होने की अपील की है। समिति ने सभी भक्तों से मां दुर्गा के दर्शन कर पुण्य लाभ लेने और नवरात्र पर्व को श्रद्धा एवं भक्ति के साथ मनाने का आग्रह किया है।

Related Articles