

जांजगीर-चांपा। जिले में अवैध रूप से पटाखों के भंडारण और बिक्री के खिलाफ बलौदा पुलिस ने कार्रवाई करते हुए ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में छापेमारी की। पुलिस ने मौके से करीब 176 किलोग्राम विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद किए, जिनकी अनुमानित कीमत 8 लाख 56 हजार रुपये बताई गई है। मामले में नैला निवासी 52 वर्षीय दीपक कुमार अग्रवाल को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बैजलपुर स्थित महामाया क्रेशर के खाली मकान में रिहायशी इलाके के भीतर पटाखों का अवैध भंडारण कर बिक्री की जा रही है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए बलौदा पुलिस ने तत्काल मौके पर दबिश दी।
जांच के दौरान मकान में अलग-अलग कार्टूनों में विभिन्न प्रकार के पटाखे रखे मिले। पुलिस ने करीब 176 किलोग्राम पटाखों को विधिवत जब्त किया। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 8,56,000 रुपये बताई गई है।
पुलिस ने इस मामले में दीपक कुमार अग्रवाल (52 वर्ष), निवासी वार्ड क्रमांक 04, नैला को गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध संबंधित धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया गया है। पुलिस अवैध भंडारण और बिक्री से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।
इस कार्रवाई में बलौदा थाना प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिन्हा, निरीक्षक सुशील पटेल, साइबर थाना के एएसआई विवेक सिंह, प्रधान आरक्षक गजाधर पाटनवर सहित बलौदा थाना स्टाफ का योगदान रहा।



