चांपा के सदर बाजार में मां दुर्गा का भव्य दरबार, नीबू माला से लेकर हवन-पूर्णाहुति तक होंगे विशेष आयोजन …


चांपा। नगर में शारदीय नवरात्र पर्व की धूम मची हुई है। जगह-जगह दुर्गा उत्सव समितियों द्वारा मां दुर्गा की आकर्षक प्रतिमाएं स्थापित की गई हैं। भव्य पंडालों, रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में सराबोर है। सुबह से देर रात तक श्रद्धालु मां दुर्गा के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
इसी कड़ी में चांपा के सदर बाजार स्थित जय दुर्गा उत्सव समिति द्वारा मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा स्थापित की गई है। मां का मनमोहक स्वरूप और आकर्षक श्रृंगार श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। नगर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में भक्त पहुंचकर मां के दर्शन कर रहे हैं और सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

विधि-विधान से हो रही मां की पूजा-अर्चना – नवरात्र के दौरान प्रतिदिन विधि-विधान से मां दुर्गा की पूजा-अर्चना की जा रही है। पूजा का दायित्व पंडित दिनेश पाठक एवं सहयोगी पंडित गोविंद द्विवेदी द्वारा निभाया जा रहा है। समिति द्वारा नवरात्र पर्व के अवसर पर विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां की गई हैं, जिनमें श्रद्धालु उत्साहपूर्वक शामिल हो रहे हैं।

निशा पूजन, कन्या पूजन और प्रसाद वितरण – समिति के सदस्यों ने बताया कि 17 अक्टूबर को रात्रि में निशा पूजन किया जाएगा तथा मां दुर्गा को नींबू माला अर्पित की जाएगी। वहीं, 18 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे से कन्या पूजन एवं अन्नपूर्णा प्रसाद वितरण का कार्यक्रम प्रारंभ होगा। इसके अलावा 21 अक्टूबर को मध्यरात्रि में हवन एवं पूर्णाहुति का आयोजन किया जाएगा। इन धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है।
जय दुर्गा उत्सव समिति ने नगरवासियों एवं आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां दुर्गा के दर्शन करने और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने की अपील की है। नवरात्र के इन पावन दिनों में सदर बाजार का वातावरण भक्तिमय बना हुआ है और मां के जयकारों से क्षेत्र गूंज रहा है।



