Uncategorized

1945 में स्थापित कलश चोरी होने के बाद मंदिर में लगा नया कलश, पुलिस ने साउंड सिस्टम भी किया भेंट …

जांजगीर-चांपा। ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर में वर्ष 1945 में स्थापित गुंबज का कलश चोरी होने के बाद अब उसकी जगह नया कलश स्थापित किया गया है। मंदिर की धार्मिक और सामाजिक महत्ता को देखते हुए अकलतरा पुलिस ने मंदिर को नया कलश और भजन-कीर्तन के लिए एम्पलीफायर सहित साउंड सिस्टम सप्रेम भेंट किया है। पुलिस की इस पहल से मंदिर की रौनक लौटने के साथ श्रद्धालुओं में खुशी का माहौल है।

पुलिस के अनुसार, ग्राम पचरी स्थित सतनाम मंदिर सतनाम समाज का प्रमुख आस्था केंद्र है और इसे भारत का पांचवां सतनाम तीर्थ स्थल बताया गया है। मंदिर के गुंबज में वर्ष 1945 में कलश स्थापित किया गया था, जिसकी चोरी के मामले में अपराध दर्ज किया गया था। पुलिस ने 10 नवंबर 2026 को ग्राम पचरी में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा था। जांच में मंदिर के गुंबज के कलश को खंडित कर उसका आकार परिवर्तित किया जाना पाया गया। आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा जा चुका है। मंदिर के मूल स्वरूप को फिर से सुदृढ़ करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. यूलैंडन यॉर्क के मार्गदर्शन और एसडीओपी अकलतरा डॉ. मेखलेन्द्र प्रताप सिंह के पर्यवेक्षण में थाना प्रभारी निरीक्षक जय कुमार साहू ने मंदिर के लिए नया कलश और साउंड सिस्टम भेंट किया। यह सामग्री सतनाम मंदिर के राजमहंत कीर्तनलाल भारद्वाज को सौंपी गई।

इस अवसर पर मेला समिति पचरी धाम के सुनील भारद्वाज, अध्यक्ष निक्कू कुमार पटेल, संयोजक सुरेन्द्र लहरे, सलाहकार एवं प्रवक्ता सूरज भारती, स्वर्ण पाटले, सुरेश भारद्वाज, महेश केशकर सहित डॉ. आंबेडकर युवा संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। मंदिर पदाधिकारियों एवं क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने पुलिस की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया।

Related Articles