
जांजगीर-चांपा। चक्रवाती तूफान अकवान के प्रभाव से हो रही असामयिक वर्षा और तेज हवाओं को देखते हुए किसानों को अपनी खड़ी एवं कटाई के बाद खेतों तथा खलिहानों में रखी धान की फसल को सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है।

किसान कटाई के बाद खेतों में सुखाने के लिए रखी धान की फसल को यथासंभव ऊंचे एवं सूखे स्थान पर रखें तथा पॉलिथीन या तिरपाल से अच्छी तरह ढकें। मौसम साफ होने पर भीगी हुई फसल को धूप में फैलाकर सुखाएं, ताकि नमी कम हो और फसल में फफूंदी लगने की आशंका न रहे। खेतों में जलभराव होने पर पानी की निकासी की व्यवस्था भी करें। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत बीमित फसल को चक्रवाती तूफान एवं असामयिक वर्षा से नुकसान होने पर किसान 72 घंटे के भीतर कृषि रक्षक पोर्टल के टोल फ्री नंबर 14447 अथवा क्रॉप इंश्योरेंस ऐप के माध्यम से शिकायत दर्ज कराएं। किसान संबंधित बीमा कंपनी या कृषि विभाग को भी इसकी सूचना दे सकते हैं। सूचना मिलने के बाद बीमा कंपनी द्वारा निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सर्वेक्षण कराया जाएगा।
किसानों से अपील की गई है कि वे मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए फसल की सुरक्षा के आवश्यक उपाय अपनाएं तथा नुकसान होने पर निर्धारित 72 घंटे की समय-सीमा में सूचना दर्ज कराएं, ताकि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पात्र किसानों को नियमानुसार बीमा दावा राशि का लाभ मिल सके।


