
जांजगीर-चांपा। शिवरीनारायण थाना क्षेत्र के देवरी मोड़ के पास बस रुकवाकर कंडक्टर से मारपीट कर नकदी लूटने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आदतन आरोपी और विधि के विरुद्ध संघर्षरत एक बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से लूट की 450 रुपये की रकम और घटना में इस्तेमाल किया गया स्टील का कड़ा जब्त किया है। आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, साहू बस सर्विस की बस क्रमांक CG 08 M 7555 के कंडक्टर रामकिशन साहू ने 25 नवंबर को रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वह करीब 12 वर्षों से बस में कंडक्टरी का काम कर रहे हैं। घटना के दिन बस रायपुर से लवन, ससहा और भुईगांव होते हुए शिवरीनारायण की ओर आ रही थी। शाम करीब 6:15 बजे देवरी मोड़ के पास दो युवकों ने बस रुकवाई और उसमें चढ़ गए।

कंडक्टर ने जब युवकों से गंतव्य पूछा तो उन्होंने खरौद जाने की बात कही। बस शिवरीनारायण जाने की जानकारी देने पर दोनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि स्वप्निल यादव ने हाथ-मुक्कों से और उसके साथी ने हाथ में पहने स्टील के कड़े से कंडक्टर के चेहरे पर हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे हेल्पर के साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद आरोपियों ने कंडक्टर के हाथ में रखे यात्रियों से किराये के रूप में मिले 450 रुपये लूट लिए और बस से उतरकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 353/2026 के तहत बीएनएस की धारा 296, 127(2), 309(6) एवं 3(5) में मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए स्वप्निल यादव (22 वर्ष), निवासी सुकुलपारा खरौद और एक विधि के विरुद्ध संघर्षरत बालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में दोनों ने वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। आरोपी स्वप्निल के कब्जे से 300 रुपये तथा बालक के कब्जे से 150 रुपये और घटना में प्रयुक्त स्टील का कड़ा जब्त किया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उप निरीक्षक के.पी. सिंह, प्रशिक्षु उप निरीक्षक गोपी सिंह, एम. पुष्पा, सहायक उप निरीक्षक संतोष बंजारे, आरक्षक टुकेश्वर डडसेना, रामकुमार, राजेश कौशिक, यशवंत पाटले सहित थाना शिवरीनारायण के स्टाफ का योगदान रहा।


