Uncategorized

दशहरा पर चांपा थाना परिसर में शस्त्र पूजन, सुरक्षा व शांति का लिया संकल्प …

चांपा। विजयादशमी पर्व के अवसर पर पूरे जिले के साथ-साथ चांपा थाना परिसर में भी परंपरागत रूप से अस्त्र-शस्त्रों की पूजा-अर्चना की गई। थाना परिसर में मौजूद सभी हथियारों की पहले साफ-सफाई कर उन्हें विधि-विधान से सजाया गया, जिसके बाद पिस्टल, कारतूस, बंदूक, इंसास, एसएलआर सहित विभिन्न आधुनिक शस्त्रों का विधिवत पूजन किया गया।

दशहरा पर्व पर शस्त्र पूजन की यह परंपरा दशकों से चली आ रही है। मान्यता है कि शस्त्र केवल सुरक्षा और धर्म रक्षण के लिए ही प्रयुक्त किए जाते हैं। विजयादशमी पर उनका पूजन कर यह संकल्प लिया जाता है कि उनका उपयोग केवल सत्य, न्याय और जनसेवा के लिए होगा।

पूजन कार्यक्रम में थाना प्रभारी जय प्रकाश गुप्ता सहित एसआई, एएसआई और समस्त पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन से वातावरण भक्तिमय बना रहा। इस मौके पर थाना प्रभारी ने कहा कि अस्त्र-शस्त्रों की पूजा पुलिस विभाग की परंपरा का हिस्सा है। मां दुर्गा के चरणों में उन्हें समर्पित कर यह संकल्प लिया गया कि इनका प्रयोग केवल जनता की रक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ही होगा

उन्होंने विजयादशमी की बधाई देते हुए क्षेत्रवासियों से नशा रूपी बुराई को छोड़ने का भी आह्वान किया। कार्यक्रम के अंत में सभी पुलिसकर्मियों ने शांति, सुरक्षा और जनहित में शस्त्रों के सदुपयोग का संकल्प लिया।

Related Articles