Uncategorized

चांपा इंडोर स्टेडियम में विद्युत कंपनी ने मनाया छत्तीसगढ़ रजत जयंती समारोह …

img 20260205 wa00079223368052682353581 Console Corptech

चांपा। छत्तीसगढ़ राज्य के रजत जयंती वर्ष के अवसर पर विद्युत कंपनी द्वारा चांपा के इंडोर स्टेडियम में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। महोत्सव को लेकर कार्यक्रम स्थल को विशेष रूप से आकर्षक एवं भव्य रूप में सजाया गया था, जिससे पूरे परिसर में उत्सव का उल्लास झलक रहा था।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों के स्वागत एवं अभिनंदन के साथ हुई।समारोह के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े रहे। विशिष्ट अतिथियों के रूप में चांपा नगर पालिका अध्यक्ष प्रदीप नामदेव, जिला पंचायत उपाध्यक्ष गगन जयपुरिया, श्रीमती उमा राजेंद्र राठौर सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।अपने संबोधन में अतिथियों ने कहा कि छत्तीसगढ़ ने पिछले 25 वर्षों में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। विशेष रूप से ऊर्जा क्षेत्र में राज्य ने नई उपलब्धियां हासिल की हैं। वक्ताओं ने कहा कि पहले ग्रामीण क्षेत्रों में लो वोल्टेज की समस्या आम थी, लेकिन अब सब स्टेशनों और ट्रांसफार्मरों की संख्या बढ़ने से यह समस्या लगभग समाप्त हो चुकी है। उन्होंने बिजली कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि वे हर मौसम में उपभोक्ताओं के घरों को रोशन रखने के लिए सतत सेवाएं दे रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सौर ऊर्जा का उपयोग करने वाले विद्युत उपभोक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

वहीं विद्युत संभाग चांपा के डीई एके भारद्वाज ने संभाग में विद्युत क्षेत्र में हुई प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले की तुलना में अब बिजली की सुविधाएं और संसाधन काफी बढ़े हैं, जिससे आम उपभोक्ताओं को प्रत्यक्ष लाभ मिल रहा है। संभाग क्षेत्र में विद्युत उपभोक्ताओं की संख्या के साथ-साथ सब स्टेशन और ट्रांसफार्मरों की संख्या में भी उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।

समारोह में वक्ताओं ने छत्तीसगढ़ की 25 वर्षों की विकास यात्रा पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए ऊर्जा क्षेत्र में राज्य की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने बताया कि किस प्रकार छत्तीसगढ़ एक “पावर हब” के रूप में उभर कर सामने आया है और भविष्य में बिजली उत्पादन एवं वितरण को और सुदृढ़ करने के लिए योजनाएं बनाई गई हैं।रजत जयंती महोत्सव के माध्यम से छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, चहुंमुखी विकास और जनकल्याण के संकल्प को दोहराया गया। इस अवसर पर उपस्थित जनों ने राज्य की प्रगति में अपनी सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प भी लिया।

इस अवसर पर अंबेश जांगड़े (भाजपा जिलाध्यक्ष),गगन जयपुरिया (जिला पंचायत उपाध्यक्ष), प्रदीप नामदेव (चांपा नगर पालिका अध्यक्ष), शिशुपाल सिंह राजपूत (बलौदा जनपद उपाध्यक्ष),उमा राजेंद्र राठौर (जिला महामंत्री), अमरजीत सिंह खटकर (नगर पालिका उपाध्यक्ष), ग्यारसी मोदी, सलीम मेमन, मंगल चंद देवांगन,गिरीश मोदी, राम खूबवानी, रितेश मोदी,भवानी गुप्ता सहित नगर के गणमान्य नागरिकों के साथ-साथ बिजली विभाग के अधिकारी और कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles