

जांजगीर-चांपा/मालखरौदा। छपोरा–हसौद–डभरा मुख्य मार्ग पर मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। यह घटना छपोरा पुलिस चौकी के सामने हुई, जहां तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने युवक को जोरदार टक्कर मार दी।


मृतक की पहचान ग्राम छपोरा निवासी 23 वर्षीय तरुण लहरें (पिता जुगनू लहरें) के रूप में हुई है। बताया गया कि तरुण अमलीडीह की ओर से काम कर घर लौट रहा था। जैसे ही वह छपोरा पुलिस चौकी के पास पहुंचा, विपरीत दिशा से डभरा की ओर जा रहे तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने उसकी मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में मौके पर जुट गए। आक्रोशित लोगों ने शव को लेकर छपोरा मुख्य चौक पर चक्का जाम कर दिया, जिससे छपोरा–हसौद–डभरा सड़क मार्ग पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। करीब चार घंटे तक चले चक्का जाम के दौरान परिजन मुआवजे की मांग पर अड़े रहे।

सूचना पर पुलिस प्रशासन और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचा और समझाइश का प्रयास किया। अधिकारियों के हस्तक्षेप के बाद शासन की ओर से 25 हजार रुपये की सहायता राशि तथा वाहन मालिक द्वारा 50 हजार रुपये की सहायता दिए जाने पर चक्का जाम समाप्त कराया गया। पुलिस ने कैप्सूल वाहन चालक के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि डभरा–छपोरा–हसौद मार्ग पर रोजाना सैकड़ों कैप्सूल, ट्रेलर, हाइवा और डंपर तेज रफ्तार से दौड़ते हैं। कई चालक नशे की हालत में या मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाते हैं, लेकिन यातायात पुलिस और थानों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हादसों के बावजूद सख्त कदम नहीं उठाए गए, जिसके कारण वाहन चालकों का मनोबल बढ़ा हुआ है और दुर्घटनाओं का सिलसिला थम नहीं रहा है।







