किराए के ट्रैक्टर बेचकर किसानों से ठगी करने वाला आरोपी गिरफ्तार, 20 लाख रुपये के ट्रैक्टर इंजन व ट्रॉली बरामद …






जांजगीर-चांपा। थाना अकलतरा पुलिस ने किसानों से किराए पर ट्रैक्टर लेकर उन्हें धोखाधड़ी से बेचने वाले एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से करीब 20 लाख रुपये मूल्य के चार ट्रैक्टर इंजन और एक ट्रॉली बरामद की है।


पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी अनुराग दास महंत (34 वर्ष) निवासी खैरा, चौकी नैला, जिला जांजगीर-चांपा है, जो वर्तमान में पावर हाउस, बिलासपुर में रह रहा था। आरोपी भोले-भाले किसानों को ट्रैक्टर-ट्रॉली किराए पर देने का झांसा देता था। वह किसानों से वाहन किराए पर लेकर फर्जी शपथ पत्र तैयार करता और उन्हीं दस्तावेजों के आधार पर ट्रैक्टरों को अन्य लोगों को बेच देता था। वारदात के बाद आरोपी मोबाइल बंद कर फरार हो जाता था।
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी विनोद कुमार खुसरो, निवासी परसाही नाला, ने थाना अकलतरा में रिपोर्ट दर्ज कराई। प्रार्थी ने बताया कि आरोपी काम के बहाने ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर गया था, जिसे वापस नहीं किया। बाद में लगातार टालमटोल करने के बाद आरोपी फरार हो गया।


पुलिस हिरासत में पूछताछ के दौरान आरोपी ने कबूल किया कि उसने किराए पर लिए गए ट्रैक्टरों को फर्जी शपथ पत्रों के जरिए बेच दिया और अलग-अलग नामों से किसानों को ठगी का शिकार बनाया। आरोपी ने अकलतरा, पामगढ़ और नैला क्षेत्र में इस तरह की कई वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है।
थाना अकलतरा पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध धारा 318(4) एवं 316(2) बीएनएस में प्रकरण पंजीबद्ध कर उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
इस सफल कार्रवाई में निरीक्षक भास्कर शर्मा, महिला प्रधान आरक्षक स्वाति गिरालकर, आरक्षक गौकरण राय, राजा जयप्रकाश एवं राज पांडे का विशेष योगदान रहा।






