



जांजगीर-चांपा। चांपा-बिर्रा रोड में आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी राजधानी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में बस में सवार करीब 60 से अधिक यात्री प्रभावित हुए हैं, जिनमें 15 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं।
यह दुर्घटना बिर्रा थाना क्षेत्र के अंतर्गत करनौद गांव के पास सुबह करीब 8 बजे हुई। जानकारी के अनुसार बस चांपा से बिर्रा की ओर जा रही थी, तभी अचानक चालक का नियंत्रण बिगड़ गया और बस सड़क किनारे पलट गई।
हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने सराहनीय पहल करते हुए राहत एवं बचाव अभियान चलाया और घायलों को बस से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाने में मदद की। सभी घायलों का इलाज बम्हनीडीह सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में जारी है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर किया गया है। फिलहाल किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, लेकिन हादसे से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। पुलिस मामले की जांच कर रही है और यात्रियों की सूची के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।













