Uncategorized

कुरदा की छात्राओं ने विज्ञान प्रदर्शनी में लहराया परचम …

जांजगीर-चांपा। जिला स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी एवं पश्चिम भारत विज्ञान मेले में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला कुरदा की छात्राओं ने अपनी प्रतिभा, रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच का शानदार प्रदर्शन करते हुए उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। छात्राओं द्वारा तैयार विज्ञान मॉडलों ने विभिन्न वर्गों में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त किया है। तीनों मॉडलों का चयन आगामी बिलासपुर जोन स्तरीय पश्चिम भारत विज्ञान मेले के लिए भी किया गया है।

प्रदर्शनी में छात्राओं ने दैनिक जीवन की समस्याओं के समाधान, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय संसाधनों के वैज्ञानिक उपयोग पर आधारित मॉडल प्रस्तुत किए। इनमें पुरानी प्लास्टिक बोतलों के पुनः उपयोग से तैयार इको फ्रेंडली बॉटल कूलर, मिट्टी के मटकों की प्राकृतिक शीतलन क्षमता पर आधारित इको फ्रेंडली मटका फ्रिज तथा जल प्रदूषण और शैवाल की समस्या के समाधान पर केंद्रित बांस का तैरता हुआ टापू (फ्लोटिंग ट्रीटमेंट वेटलैंड) प्रमुख रहे।

इन मॉडलों का निर्माण एवं प्रस्तुतीकरण कक्षा बारहवीं की छात्राओं अनुपमा देवांगन, आयशा कुर्रे, उमा कुर्रे, मानसी लहरे, मानसी बरेठ एवं क्रिष्टी कर्ष ने किया। छात्राओं ने निर्णायक मंडल के समक्ष आत्मविश्वास के साथ अपने मॉडलों की कार्यप्रणाली, वैज्ञानिक सिद्धांत और सामाजिक उपयोगिता की जानकारी दी।

छात्राओं ने श्रीमती रजिया अंजुम शेख के मार्गदर्शन और प्रेरणा में इन मॉडलों को तैयार किया। जिला स्तरीय प्रतियोगिता में सफलता के बाद छात्राओं को जिला शिक्षा अधिकारी, जांजगीर-चांपा के हाथों प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
विद्यालय परिवार, श्रीमती अंजना सिंह परिहार, श्रीमती शांति थवाईत, श्रीमती भावना एवं सभी शिक्षकों ने छात्राओं को बधाई देते हुए जोन स्तरीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। ग्रामीण अंचल की इन होनहार छात्राओं की उपलब्धि अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक बन गई है।

Related Articles