

चांपा। चांपा थाना क्षेत्र के अमझर प्लांट से सिलिको मैंगनीज पत्थर चोरी कर ले जाने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से करीब 50 किलोग्राम सिलिको मैंगनीज पत्थर बरामद किया गया है, जिसकी कीमत लगभग 5 हजार रुपये बताई गई है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी रविन्द्र बर्मन निवासी पहरिया, थाना बलौदा ने चांपा थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। घटना 10 अक्टूबर 2026 की रात करीब 11:55 बजे की है। अमझर प्लांट में ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड ने एक व्यक्ति को अमझर बस्ती की ओर जाने वाले रास्ते से कंधे पर बोरी रखकर बाहर निकलते देखा। संदेह होने पर गार्ड ने उसे रोककर पूछताछ की। इस दौरान व्यक्ति बोरी पटककर भागने लगा। सुरक्षा गार्ड ने तत्परता दिखाते हुए उसका पीछा किया और उसे पकड़ लिया। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस ने पकड़े गए व्यक्ति की पहचान धमेन्द्र पटेल (34 वर्ष), निवासी कुसमुली, थाना कोटा, जिला बिलासपुर, हाल मुकाम अमझर, थाना चांपा के रूप में की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ और मेमोरेंडम कथन के आधार पर चोरी की बात स्वीकार किए जाने के बाद प्लांट से चोरी गया लगभग 50 किलो सिलिको मैंगनीज पत्थर बरामद किया गया। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में चांपा थाना प्रभारी निरीक्षक कमलेश कुमार सेन्डे और थाना स्टाफ का योगदान रहा।



