
जांजगीर-चांपा। भगवान श्रीकृष्ण के कथित अपमान एवं यादव समाज के प्रति कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। महासभा ने कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री और दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

महासभा के जिलाध्यक्ष गिरधारी यादव ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने दोपहर करीब 1 बजे पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर मामले में कार्रवाई की मांग की। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथा वाचक धीरेंद्र शास्त्री द्वारा भगवान श्रीकृष्ण के संबंध में कथित रूप से आपत्तिजनक टिप्पणी और भाव-भंगिमा का प्रयोग किया गया। वहीं, महासभा ने आरोप लगाया कि दिल्ली विश्वविद्यालय के प्रोफेसर संगीत रागी ने एक टीवी डिबेट के दौरान यादव समाज के प्रति कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी की है। इन दोनों मामलों को लेकर यादव महासभा ने पुलिस से जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान राष्ट्रीय सचिव डी.आर. यादव, प्रदेश सचिव परमेश्वर धनु यादव, डॉ. प्रतीक यादव, युवा यादव महासभा के जिलाध्यक्ष अंशु यादव, महिला यादव महासभा की जिलाध्यक्ष संगीता यादव सहित बड़ी संख्या में समाज के पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।


