Uncategorized

शासकीय कार्य में बाधा व संपत्ति नुकसान का आरोपी गिरफ्तार,जेल दाखिल …

img 20260319 wa0005176746295108541473 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। जिले के अकलतरा तहसील कार्यालय में शासकीय कार्य में बाधा डालने एवं सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, 13 मार्च 2026 को दोपहर करीब 3:30 बजे ग्राम खपरीडीह निवासी जीवराखन मिरी शराब के नशे में मोटरसाइकिल से तहसील कार्यालय अकलतरा पहुंचा। आरोपी ने मुख्य द्वार पर वाहन खड़ा कर गाली-गलौज करते हुए कार्यालय के भीतर प्रवेश किया और वहां मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया। इस दौरान उसने जान से मारने की धमकी दी, महत्वपूर्ण दस्तावेजों को फाड़ दिया तथा कार्यालय में लगे सोलर पैनल के तार खींचकर तोड़ दिए, जिससे शासकीय संपत्ति को नुकसान पहुंचा और कार्यालयीन कार्य बाधित हुआ।
घटना की रिपोर्ट पर थाना अकलतरा पुलिस ने तत्काल अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। जांच में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जप्त कर ली गई है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं एवं लोक संपत्ति क्षति निवारण अधिनियम के तहत कार्रवाई कर उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।

Related Articles