Uncategorized

एसपी कार्यालय में जहर कांड! न्याय न मिलने से हताश युवक ने किया आत्महत्या का प्रयास …

screenshot 2026 04 23 16 13 04 86 99c04817c0de5652397fc8b56c3b38175879341317800631095 Console Corptech

जांजगीर-चांपा। पुलिस महकमे को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। एसपी कार्यालय परिसर के भीतर एक युवक द्वारा जहर सेवन किए जाने की घटना ने प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। मड़वा निवासी टुक्कू साहू ने एडमिरल नामक कीटनाशक पीकर आत्महत्या का प्रयास किया, जिससे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय प्रभारी पुलिस अधीक्षक निवेदिता पाल अपने चेंबर में मौजूद थीं। युवक की तबीयत बिगड़ते ही उसे तत्काल एसपी की सरकारी गाड़ी से जिला अस्पताल जांजगीर ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उसकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।  बताया जा रहा है कि टुक्कू साहू पिछले कई दिनों से अपनी शिकायत को लेकर एसपी कार्यालय के चक्कर काट रहा था। उसका आरोप है कि उसके मकान मालिक ने उसकी भाभी की एलआईसी की राशि हड़पने की साजिश रची है, लेकिन बार-बार शिकायत के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से वह नाराज और हताश था।

इसी बीच यह तथ्य भी सामने आया है कि कुछ माह पहले भी युवक इस तरह का कदम उठा चुका है। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि कहीं यह प्रयास कार्रवाई के लिए दबाव बनाने की मंशा से तो नहीं किया गया। हालांकि, इस बिंदु पर पुलिस किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
घटना के बाद पुलिस ने पूरे मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है। मजिस्ट्रेटी बयान की प्रक्रिया भी जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह कदम हताशा का परिणाम था या किसी अन्य उद्देश्य से उठाया गया।

इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि शिकायतों के निराकरण में देरी कहीं लोगों को ऐसे खतरनाक कदम उठाने के लिए मजबूर तो नहीं कर रही। अब निगाहें जांच के नतीजों और प्रशासन की आगे की कार्रवाई पर टिकी हैं।

Related Articles