एप्स्टीन फाइल व अमेरिका ट्रेड डील के विरोध में युवा कांग्रेस का भाजपा कार्यालय घेराव, पीएम मोदी का पुतला दहन …






जांजगीर-चांपा। प्रदेश प्रभारी अमित पठानिया, सहप्रभारी डॉ. मोनिका मंडरे एवं प्रदेश अध्यक्ष आकाश शर्मा के आह्वान पर जिला अध्यक्ष युवा कांग्रेस पंकज शुक्ला के नेतृत्व में भाजपा कार्यालय के घेराव किया गया। यह विरोध प्रदर्शन एप्स्टीन फाइल मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम आने, किसान विरोधी अमेरिका ट्रेड डील तथा लोकतांत्रिक विरोध को राष्ट्रविरोध बताने की कथित भाजपा नीति के खिलाफ किया गया।



कार्यक्रम की शुरुआत पुराने पेट्रोल पंप, जांजगीर से हुई, जहां से कांग्रेस कार्यकर्ता जुलूस के रूप में भाजपा कार्यालय की ओर बढ़े। इस दौरान जांजगीर पुलिस ने एहतियातन बैरिकेड्स लगाकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए थे। इसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी करते हुए केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी के खिलाफ अपना आक्रोश व्यक्त किया। प्रदर्शन के दौरान प्रधानमंत्री का पुतला दहन भी किया गया।
युवा कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि एप्स्टीन फाइल जैसे गंभीर अंतरराष्ट्रीय मामले में नाम जुड़ना देश की छवि को नुकसान पहुंचाता है, वहीं अमेरिका के साथ की जा रही ट्रेड डील किसानों के हितों के खिलाफ है। साथ ही लोकतांत्रिक ढंग से किए जा रहे विरोध को राष्ट्रविरोध करार देना असहिष्णुता का परिचायक है।

उक्त प्रदर्शन में कांग्रेस जिलाध्यक्ष राजेश अग्रवाल, युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पंकज शुक्ला, जिला कांग्रेस प्रवक्ता नागेंद्र गुप्ता, हरीश पांडेय सहित सेवादल, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं कांग्रेस के विभिन्न विभागों/प्रकोष्ठों के प्रदेश पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में नेताओं ने कहा कि कांग्रेस और युवा कांग्रेस जनहित, किसान हित और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए आगे भी सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रहेगा।





