अवैध रेत परिवहन करते पाए जाने पर 3 हाइवा जब्त,भंडारण व परिवहन पर की जा रही लगातार कार्रवाई ….






जांजगीर-चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे के निर्देशन में जिले में खनिज के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर राजस्व, पुलिस एवं खनिज के अधिकारियों के द्वारा समन्वय बनाकर संयुक्त कार्रवाई किया जा रहा है। कलेक्टर ने सभी संबंधित अधिकारियों को अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण और रोकथाम हेतु और अधिक सक्रियता से कार्य करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने राज्य शासन के निर्देशानुसार अवैध अफीम की खेती की संभावना को दृष्टिगत रखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में पटवारी, सचिव व कोटवार एवं नगरीय क्षेत्रों में पटवारी, नगर पालिका/पंचायत की टीम द्वारा संयुक्त रूप से सर्वे करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही राजस्व, पुलिस एवं वन विभाग के अधिकारियों को किसी भी प्रकार की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

खनिज अधिकारी ने बताया कि जिला उडनदस्ता दल द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में अब तक खनिजो के अवैध उत्खनन, परिवहन तथा भण्डारण के कुल 591 प्रकरण दर्ज किया गया है। जिसमें 1 करोड़ 67 लाख 32 हजार 540 रूपये वसूल कर खनिज मद में जमा कराया गया है। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खननकर्ताओं, परिवहनकर्ताओं, भण्डारणकर्ताओ के विरूद्ध छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 तथा खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत दण्डात्मक कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर के निर्देशन में राजस्व एवं खनिज विभाग द्वारा संयुक्त कार्यवाही करते हुए बम्हडीहीह अंतर्गत अवैध रेत उत्खनन एवं परिवहन करते पाये जाने पर 3 हाइवा जब्त कर थाना बम्हनीडीह सुपुर्द किया गया है।





