Uncategorized

चांपा-नैला-जांजगीर रेलवे स्टेशन की सुविधाओं और ट्रेनों के ठहराव को लेकर CAIT ने उठाई आवाज …

IMG 20261001 WA0008 Console Corptech

चांपा। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के 1 अक्टूबर को चांपा-रायगढ़ रेलखंड के संरक्षा निरीक्षण के दौरान चांपा रेलवे स्टेशन में व्यापारिक संगठन कॉन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (CAIT) की चांपा शाखा ने भी क्षेत्र की रेल सुविधाओं और अधोसंरचना विकास से जुड़ी मांगें प्रमुखता से उठाईं। नगर इकाई अध्यक्ष एवं CAIT शाखा चांपा के पदाधिकारी राजन गुप्ता ने संगठन के प्रतिनिधियों के साथ महाप्रबंधक से मुलाकात कर जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों का मांगपत्र सौंपा।
संगठन ने कहा कि चांपा,नैला-जांजगीर क्षेत्र एक प्रमुख व्यापारिक और आवासीय केंद्र है। यहां से हजारों यात्री प्रतिदिन रेल परिवहन पर निर्भर रहते हैं, लेकिन स्टेशन सुविधाओं और रेल कनेक्टिविटी के मामले में अब भी कई आवश्यक सुधारों की जरूरत है। व्यापारियों ने रेलवे प्रशासन से इन समस्याओं के निराकरण के लिए ठोस पहल करने का आग्रह किया।

नैला-बलौदा मार्ग पर ROB और मिशन हॉस्पिटल फाटक पर अंडरपास की मांग – CAIT ने नैला पश्चिम केबिन के समीप नैला-बलौदा मार्ग पर लंबे समय से प्रस्तावित रेल ओवरब्रिज (ROB) का शीघ्र निर्माण कराने की मांग की। इसके साथ ही चांपा के मिशन हॉस्पिटल समपार रेलवे फाटक पर अंडरपास निर्माण का मुद्दा भी उठाया गया। संगठन का कहना है कि इन निर्माण कार्यों से आवागमन सुगम होगा और रेलवे फाटकों के कारण होने वाली परेशानियों से लोगों को राहत मिल सकेगी।

IMG 20261001 WA0006 Console Corptech

स्टेशन पर सुविधाओं का विस्तार और आरक्षण काउंटर का समय बढ़ाने की मांग – प्रतिनिधियों ने चांपा एवं नैला रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए शेड, पेयजल और शौचालय जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार एवं उन्नयन करने की मांग रखी। इसके अलावा आरक्षण काउंटर का संचालन पूर्ववत सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक करने का आग्रह किया गया।आरक्षण काउंटर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा स्टेशन परिसर में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा प्राथमिक उपचार केंद्र स्थापित करने की मांग भी शामिल रही।

पांच एक्सप्रेस ट्रेनों के चांपा में ठहराव की मांग – रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर CAIT ने चांपा स्टेशन से होकर गुजरने वाली कई महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग रखी। इनमें प्रमुख रूप से कामाख्या-कर्मभूमि एक्सप्रेस (22511), बैद्यनाथ से गोवा एक्सप्रेस (17321), तिरुपति-रक्सौल एक्सप्रेस (17433), संतरागाछी-जबलपुर हमसफर एक्सप्रेस (20828) और रक्सौल-हैदराबाद एक्सप्रेस (17006) शामिल हैं। संगठन ने इन ट्रेनों का चांपा स्टेशन पर ठहराव देने की मांग करते हुए कहा कि इससे क्षेत्र के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प मिल सकेंगे।

रायगढ़-प्रयागराज नई ट्रेन चलाने का प्रस्ताव – व्यापारिक संगठन ने रायगढ़ से प्रयागराज के बीच नई ट्रेन शुरू करने तथा उसका ठहराव चांपा स्टेशन पर देने की मांग भी रखी। CAIT पदाधिकारियों ने महाप्रबंधक से सभी मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने का आग्रह किया। रेलवे के संरक्षा निरीक्षण के दौरान व्यापारिक संगठन की ओर से उठाए गए इन मुद्दों ने चांपा-नैला-जांजगीर क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार, यात्री सुरक्षा और बेहतर कनेक्टिविटी की आवश्यकता को एक बार फिर सामने रखा।

Related Articles