Uncategorized

जंगल से भटककर मड़वा पहुंचा 12 सिंगा हिरण, वन विभाग ने किया सफल रेस्क्यू …

जांजगीर-चांपा। जिले के लछनपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जंगल से भटककर एक 12 सिंगा (बारहसिंगा) हिरण गांव की आबादी में पहुंच गया। हिरण के दिखाई देने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे मड़वा प्लांट से लगे ग्राम लछनपुर स्थित दंतेश्वरी मंदिर के पास हिरण देखा गया। ग्रामीणों की भीड़ और शोरगुल से घबराकर हिरण इधर-उधर दौड़ने लगा और भटकते हुए मड़वा प्लांट कॉलोनी की ओर पहुंच गया।घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद वन विभाग ने प्लांट कॉलोनी से कुछ दूरी पर स्थित भूनंदी नाला के पास हिरण को सुरक्षित रेस्क्यू कर लिया। वन अधिकारियों ने बताया कि रेस्क्यू किया गया हिरण 12 सिंगा (बारहसिंगा) प्रजाति का है।

रेस्क्यू के बाद हिरण को उपचार के लिए बलौदा स्थित वन नर्सरी भेजा गया है। वन विभाग के अनुसार, चिकित्सकीय परीक्षण और उपचार के बाद हिरण को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ा जाएगा। संभावना जताई जा रही है कि उसे कानन पेंडारी अथवा किसी सुरक्षित वन क्षेत्र में छोड़ा जा सकता है।

ग्राम लछनपुर के सरपंच गेंदराम कुर्रे और पंच शुभम राजपूत ने बताया कि हिरण के गांव में पहुंचने की जानकारी मिलते ही तत्काल वन विभाग को सूचित किया गया, जिसके बाद विभागीय टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से सफल रेस्क्यू किया।वन विभाग ने इस पूरे अभियान में स्थानीय ग्रामीणों की सतर्कता और सहयोग की सराहना की है।

Related Articles