



जांजगीर-चांपा। भारतीय जनता पार्टी के मुख्य कार्यक्रमों में शामिल स्थापना दिवस को इस वर्ष भी पूरे उत्साह और संगठनात्मक गरिमा के साथ मनाया जाएगा। 6 अप्रैल 2026, सोमवार को स्थापना दिवस के अवसर पर जांजगीर-चांपा जिले में विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।


जिला अध्यक्ष अंबेश जांगड़े के आवाहन पर जिले भर के भाजपा कार्यकर्ता स्थापना दिवस को हर्ष एवं उल्लास के साथ मनाएंगे। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह भाजपा कार्यालय जांजगीर में होगी, जहां सभी कार्यकर्ताओं की उपस्थिति में स्थापना दिवस मनाया जाएगा।
चांपा मंडल ने मंडल चांपा के सभी कार्यकर्ताओं, निर्वाचित जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों से आग्रह किया है कि वे स्थापना दिवस के अवसर पर भाजपा कार्यालय रूपी मंदिर में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते हुए कार्यक्रम का शुभारंभ करें।
भाजपा कार्यालय में मुख्य आयोजन के पश्चात संगठन के दिशा-निर्देशों के अनुसार चांपा मंडल के सभी बूथों पर कमल ध्वज फहराकर स्थापना दिवस मनाया जाएगा। इस दौरान कार्यकर्ताओं द्वारा संगठन के प्रति निष्ठा और समर्पण का संदेश दिया जाएगा।
इसी क्रम में झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ के जिला सह-संयोजक गिरीश मोदी ने जानकारी दी कि संगठन से प्राप्त कार्यक्रम के अनुसार झुग्गी-झोपड़ी क्षेत्रों में भी मोहल्लेवासियों के साथ स्थापना दिवस के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इन आयोजनों के माध्यम से अधिक से अधिक लोगों तक भाजपा की रीति-नीति एवं विकास कार्यों की जानकारी पहुंचाई जाएगी।










