श्रीकृष्ण गोशाला चांपा में गो अनुसंधान केंद्र स्थापना की मांग, गौ सेवा आयोग अध्यक्ष को सौंपा गया ज्ञापन …






चांपा। गो माता के संवर्धन, संरक्षण, प्रशिक्षण एवं चिकित्सा व्यवस्था को सशक्त बनाने के उद्देश्य से श्रीकृष्ण गोशाला चांपा परिसर में गो अनुसंधान केंद्र स्थापित करने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। इस संबंध में भाजपा नेता एवं पूर्व राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि अखिलेश कोमल पांडेय ने 12 अप्रैल 2026 को बिलासपुर प्रवास के दौरान विशेषर पटेल, अध्यक्ष छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग से सौजन्य भेंट कर ज्ञापन सौंपा।


ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि श्रीकृष्ण गोशाला चांपा में पूर्व राज्यसभा सांसद एवं अनुसूचित जनजाति के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. नंदकुमार साय की सांसद निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से नवीन गौशाला भवन का निर्माण कराया गया है। इसी भवन परिसर में गो अनुसंधान केंद्र स्थापित कर इसे एक आदर्श मॉडल के रूप में विकसित किया जा सकता है। बताया गया कि भवन के भूमिपूजन अवसर पर भी तत्कालीन एवं वर्तमान गौ सेवा आयोग अध्यक्ष के समक्ष इस विषय पर विस्तृत चर्चा की जा चुकी है।


भाजपा नेता अखिलेश कोमल पांडेय ने कहा कि प्रस्तावित गो अनुसंधान केंद्र के माध्यम से गायों की नस्ल सुधार, संरक्षण एवं संवर्धन के साथ-साथ गोबर एवं गोमूत्र आधारित उत्पादों पर शोध किया जाएगा। पंचगव्य के परिशोधन व अनुसंधान के जरिए औषधियों के निर्माण, जैविक खेती, स्वास्थ्य और पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्रों में इसके उपयोग को बढ़ावा देने का लक्ष्य है। साथ ही प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन को गौ पालन से जोड़कर आत्मनिर्भरता की दिशा में भी प्रयास किए जाएंगे।
गौ सेवा आयोग अध्यक्ष विशेषर पटेल ने ज्ञापन को गंभीरता से लेते हुए इस मांग पर विचार का आश्वासन दिया। इस अवसर पर भाजपा युवा मोर्चा महामंत्री आदर्श पांडेय एवं विनय बघेल भी उपस्थित रहे।
स्थानीय गौ सेवकों और गोशाला प्रबंधन को उम्मीद है कि शीघ्र ही इस बहुप्रतीक्षित मांग पर सकारात्मक निर्णय लेकर श्रीकृष्ण गोशाला चांपा को गो अनुसंधान के क्षेत्र में एक नई पहचान दिलाई जाएगी।






