Uncategorized

कलेक्टर ने फसल विविधीकरण, आगामी वर्ष की रणनीति एवं कृषि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा …

img 20260422 wa00616731439253392534482 Console Corptech

जांजगीर चांपा। कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य सहित संबंधित विभागों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए आगामी खरीफ सीजन में किसानों को समय पर और पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने कृषि विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी सहकारी समितियों में यूरिया एवं डीएपी का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों को किसी प्रकार की कमी का सामना न करना पड़े। उन्होंने खाद एवं बीज की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों को नियमित जांच कर अमानक सामग्री की बिक्री पर रोक लगाने एवं कार्रवाई करने के लिए कहा गया। उन्होंने किसानों को कम पानी वाली फसलों और अधिक लाभदायक फसल विविधीकरण को अपनाने के लिए प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए ।

कलेक्टर ने कहा कि खाद की कालाबाजारी, अवैध भंडारण एवं नकली खाद बेचने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। उन्होंने फॉर्मर आईडी बनाने, एग्रीस्टेक में पंजीयन कराने एवं किसानों की ई-केवाईसी पूर्ण कराने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों को कहा कि अधिक से अधिक किसानों को अभियान से जोड़कर सभी प्रक्रियाएं समय पर पूरी कराई जाएं, ताकि शासकीय योजनाओं का लाभ सीधे किसानों तक पहुंच सके। कलेक्टर ने उद्यानिकी विभाग की समीक्षा करते हुए फल, सब्जी एवं बागवानी फसलों के रकबे में वृद्धि करने और किसानों को आधुनिक तकनीकों से जोड़ने के निर्देश दिए। बैठक में ड्रिप एवं स्प्रिंकलर सिंचाई, पॉलीहाउस एवं शेडनेट जैसी योजनाओं का अधिकतम लाभ किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। साथ ही, किसानों को उद्यानिकी फसलों की ओर प्रोत्साहित करने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने और योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पशुधन विकास विभाग की समीक्षा करते हुए पशुधन संवर्धन कार्यक्रमों को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।बैठक में पशु चिकित्सा सेवाओं को मजबूत करने, ग्रामीण क्षेत्रों में नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करने तथा शतप्रतिशत टीकाकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि पशुपालकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं और विभागीय योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाए, ताकि पशुधन विकास को गति मिल सके।

कलेक्टर ने सड़कों पर आवारा मवेशियों को हटाने संबंधित विभागों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए सड़कों से मवेशियों को हटाएं एवं सुरक्षित स्थानों पर रखा जाए। कलेक्टर ने मत्स्य विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए मछली उत्पादन बढ़ाने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन करने कहा। उन्होंने तालाबों के अधिकतम उपयोग, मत्स्य बीज की समय पर उपलब्धता और वैज्ञानिक तरीके से पालन को बढ़ावा देने के निर्देश दिए। बैठक में मछली पालकों को शासकीय योजनाओं का लाभ पहुंचाने, प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने तथा आजीविका संवर्धन पर विशेष ध्यान देने कहा।

Related Articles