

जांजगीर-चांपा। विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और मतदाता सूची से जुड़े विवाद को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी 28 सितंबर को कलेक्टर कार्यालय का घेराव करेगी। जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री नागेंद्र गुप्ता ने बताया कि कांग्रेस इस आंदोलन के माध्यम से मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग करेगी।
कांग्रेस पदाधिकारियों का कहना है कि निर्वाचन आयोग के कामकाज को लेकर सामने आई एक रिपोर्ट में चुनाव आयुक्त सुखबीर सिंह संधू और विवेक जोशी द्वारा पिछले 10 महीनों में विभिन्न निर्णयों पर कम से कम 14 बार आपत्ति दर्ज किए जाने की बात कही गई है। रिपोर्ट में आपत्तियों का संबंध मतदाता पंजीयन, नाम हटाने, Form-6 में बदलाव और चुनावी डेटाबेस के संचालन जैसे मुद्दों से बताया गया है। हालांकि, निर्वाचन आयोग की ओर से इन रिपोर्टों के बाद कहा गया है कि अलग-अलग राय संस्थागत निर्णय प्रक्रिया का हिस्सा हैं और SIR सहित प्रमुख निर्णय पूर्ण आयोग की सहमति से लिए गए।
मदनलाल पेट्रोल पंप से निकलेगा पैदल मार्च ~ कांग्रेस के अनुसार 28 सितंबर को दोपहर 1 बजे जांजगीर-चांपा मार्ग स्थित मदनलाल पेट्रोल पंप से कांग्रेसजन पैदल मार्च करते हुए कलेक्टर मोड़ पहुंचेंगे। यहां मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन करने के बाद कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जिला निर्वाचन कार्यालय का घेराव किया जाएगा। इसके बाद कलेक्टर को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपकर मुख्य चुनाव आयुक्त को पद से हटाने तथा उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी। आंदोलन में विधायक व्यास कश्यप, अकलतरा विधायक राघवेंद्र कुमार सिंह, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजेश अग्रवाल सहित कांग्रेस के विभिन्न संगठनों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के शामिल होने की बात कही गई है।



