मुंबई में छाया चांपा का लाल, राज प्रधान ने राष्ट्रीय बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में रचा इतिहास …






जांजगीर-चांपा। राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित ICN Mumbai Majestic नेचुरल बॉडीबिल्डिंग प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के होनहार खिलाड़ी राज प्रधान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश और चांपा क्षेत्र का नाम रोशन किया है। राज प्रधान ने मेन्स फिजिक ओपन श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया, वहीं क्लासिक एंड फिटनेस श्रेणी में रजत पदक जीतकर अपनी बहुआयामी प्रतिभा का लोहा मनवाया।



यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता रविवार को मुंबई के यशवंतराव चव्हाण सेंटर, नरीमन पॉइंट में आयोजित की गई थी, जिसमें देशभर से चयनित और शीर्ष स्तर के बॉडीबिल्डरों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच राज प्रधान का आत्मविश्वास, संतुलित फिजिक, स्टेज प्रेजेंस और तकनीकी परफॉर्मेंस निर्णायकों को खासा प्रभावित करने में सफल रहा। राज प्रधान की इस उपलब्धि से न केवल उनके समर्थकों और परिवार में खुशी की लहर है, बल्कि स्थानीय खेल जगत में भी उत्साह का माहौल है। खेल प्रेमियों का मानना है कि उनकी यह सफलता आने वाले युवाओं को फिटनेस और नेचुरल बॉडीबिल्डिंग के प्रति प्रेरित करेगी।


प्रतियोगिता के बाद राज प्रधान को बधाइयों का तांता लगा हुआ है और उम्मीद जताई जा रही है कि वे आने वाले अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी देश का प्रतिनिधित्व कर नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे।






