


चांपा। नगर के मुस्लिम समाज से हज यात्रा पर रवाना हुए श्रद्धालुओं के सम्मान में एक गरिमामय कार्यक्रम आयोजित किया गया। हज यात्रा पर जा रहे अब्दुल अजीज अशरफी, मो. सरफराज मेमन, मो. जुबेर मेमन और मो. अमीन मेमन परिवार सहित हज के लिए रवाना हुए हैं। इस अवसर पर मस्जिद मोहल्ला स्थित मस्जिद परिसर में भाजपा जिला अल्पसंख्यक मोर्चा (झुग्गी-झोपड़ी प्रकोष्ठ) एवं भाजपा नगर मंडल चांपा के संयुक्त तत्वावधान में सम्मान कार्यक्रम आयोजित किया गया।


कार्यक्रम के दौरान हज यात्रियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना की गई। इस अवसर पर मुस्लिम समाज के वरिष्ठ हाजी रफीक मेमन, हाजी खैरात रिजवी, हाजी सैफुद्दीन, भाजपा नेता सलीम मेमन, मो. अख्तर सौदागर, शाहिद कादरी, समसुद्दीन अंसारी, सऊदीन अंसारी, समीर मेमन सहित बड़ी संख्या में समाजजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नगर पालिका अध्यक्ष ने कहा कि आज देश का युवा अपने समाज, संस्कृति और धार्मिक परंपराओं से जुड़कर उन्हें आगे बढ़ा रहा है, जो पूरे देश और दुनिया के लिए एक मिसाल है। वहीं भाजपा जिला अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष संतोष जब्बल ने कहा कि हज यात्रा पवित्र और पाक होती है, जिसमें शांति, भाईचारे और देश में अमन-सुकून का संदेश निहित है। चांपा के युवाओं का हज यात्रा पर जाना नगर के लिए गर्व का विषय है।

इस अवसर पर भाजपा नगर मंडल चांपा के महामंत्री रामवल्लभ सोनी, गोपीचंद बरेठ, नरेंद्र ताम्रकार, मंगलचंद देवांगन, सुभाष शर्मा, मुकेश जायसवाल, रामू खूबवानी, दुर्गा पटेल सहित भाजपा के अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने हज यात्रियों को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनकी सफल यात्रा और कुशल वापसी की कामना की।





