पद्मिनी मल्टीप्लेक्स की स्क्रीन–1 में भीषण आग, तीन दमकल गाड़ियां जुटीं, दीवार तोड़कर बुझाने का प्रयास …




चांपा। शहर के कोरवा पारा क्षेत्र में स्थित पद्मिनी मल्टीप्लेक्स में सोमवार को भीषण आग लगने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मल्टीप्लेक्स की स्क्रीन नंबर–1 लगभग पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी है, जबकि आग पर काबू पाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।



घटना की सूचना मिलते ही तीन दमकल वाहन मौके पर पहुंच गए, लेकिन समाचार लिखे जाने तक आग पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं पाया जा सका था। आग की तीव्रता को देखते हुए दमकल कर्मियों द्वारा मल्टीप्लेक्स के पीछे की साइड की दीवार को तोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि भीतर तक पहुंच बनाकर आग को बुझाया जा सके।
आग बुझाने के अभियान में पुलिस, दमकल विभाग, नगरवासी और प्रशासनिक अमला पूरी तरह जुटा हुआ है। स्थानीय लोग भी दीवार तोड़ने और रास्ता बनाने में सहयोग कर रहे हैं। इस दौरान सुरक्षा के मद्देनज़र पुलिस ने क्षेत्र को घेराबंदी में लिया है, हालांकि इसके बावजूद टाकीज परिसर में भारी भीड़ जमा हो गई है।


आग लगने के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है, लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी। राहत की बात यह है कि अब तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं मिली है।




