बाली के GWK की तर्ज पर चांपा में सजेगा बप्पा का दरबार, 80 फीट के पंडाल में विराजेंगे 20 फीट के गणपति …


चांपा। कोसा, कासा और कंचन की नगरी चांपा में गणेशोत्सव को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं। इस वर्ष श्री सिद्धिविनायक समिति, चांपा द्वारा परशुराम चौक,मेला मैदान में भव्य गणपति पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। खास बात यह है कि पंडाल की थीम इंडोनेशिया के बाली स्थित प्रसिद्ध गरुड़ विष्णु केंचना की भव्यता और आध्यात्मिकता से प्रेरित है।
समिति के अनुसार इस वर्ष करीब 80 फीट ऊंचा भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें 20 फीट ऊंची भगवान गणपति की प्रतिमा विराजमान होगी। पंडाल की भव्य सजावट के साथ आकर्षक लाइट शो भी श्रद्धालुओं और दर्शकों के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगा।

बाली स्थित GWK में भगवान विष्णु को उनके दिव्य वाहन गरुड़ पर विराजमान भव्य स्वरूप में दर्शाया गया है। इसी अद्भुत स्वरूप और इसकी आध्यात्मिक भव्यता को इस वर्ष चांपा के गणपति पंडाल की मुख्य प्रेरणा बनाया गया है। समिति द्वारा पंडाल को आकर्षक, भव्य और आध्यात्मिक रूप देने के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं।
पिछले वर्ष से भी भव्य होगा आयोजन – समिति के सदस्यों के अनुसार पिछले वर्ष गणेशोत्सव में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते हुए इस बार आयोजन को और अधिक भव्य बनाने का प्रयास किया जा रहा है। विशाल पंडाल, 20 फीट ऊंची गणपति प्रतिमा, आकर्षक सजावट और शानदार लाइट शो लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनने वाले हैं।समिति को उम्मीद है कि गणेशोत्सव के दौरान चांपा सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु मेला मैदान पहुंचेंगे और भगवान गणपति के भव्य दरबार का दर्शन करेंगे।
श्री सिद्धिविनायक समिति ने शहरवासियों से परिवार और दोस्तों के साथ गणपति उत्सव में शामिल होने की अपील की है। इस वर्ष चांपा का गणपति उत्सव भव्य पंडाल और आकर्षक सजावट के साथ श्रद्धालुओं के लिए यादगार बनने की तैयारी में है।

स्थान: परशुराम चौक, मेला मैदान, चांपा
आयोजक: श्री सिद्धिविनायक समिति, चांपा
गणपति बप्पा मोरया!
