Uncategorized

शिक्षक साझा मंच ने मुख्यमंत्री व स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन, सेवा सुरक्षा समेत चार सूत्रीय मांगें …

जांजगीर-चांपा/बम्हनीहडीह। शिक्षक साझा मंच, छत्तीसगढ़ ब्लॉक बम्हनीहडीह द्वारा शनिवार को मुख्यमंत्री एवं स्कूल शिक्षा मंत्री के नाम नायब तहसीलदार बम्हनीहडीह के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। शिक्षकों ने सेवाकालीन शिक्षकों को शिक्षक पात्रता परीक्षा (TET) की अनिवार्यता से सेवा सुरक्षा प्रदान करने सहित विभिन्न मांगों को लेकर शीघ्र न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की।


ज्ञापन में प्रमुख रूप से सेवाकालीन शिक्षकों को TET की अनिवार्यता से सेवा सुरक्षा देने, सहायक शिक्षकों की वेतन विसंगति दूर करने तथा नियुक्ति तिथि से पूर्व की सेवा की गणना कर क्रमोन्नति, पेंशन एवं अन्य सभी सेवा लाभ प्रदान करने की मांग की गई।

वर्षों से सेवा दे रहे शिक्षकों के हित में निर्णय की मांग – शिक्षक साझा मंच ने कहा कि लंबे समय से शिक्षा विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार को संवेदनशीलता के साथ निर्णय लेना चाहिए। शिक्षकों ने सेवा सुरक्षा सहित लंबित मांगों का शीघ्र निराकरण करने की मांग रखी। ज्ञापन सौंपने के दौरान शिक्षकों ने कहा कि शिक्षकों के सम्मान, सेवा सुरक्षा और अधिकारों के लिए उनका संघर्ष जारी रहेगा। मंच द्वारा आने वाले दिनों में मांगों को लेकर आंदोलन की रूपरेखा भी जारी की गई है।

पोस्टर में जारी आंदोलन की रूपरेखा के अनुसार 22 अगस्त को सभी ब्लॉकों में धरना, रैली और ज्ञापन, 29 अगस्त को प्रदेश के सभी 33 जिलों में रैली एवं धरना प्रदर्शन, 30 अगस्त से 4 सितंबर तक सोशल मीडिया अभियान तथा 5 सितंबर शिक्षक दिवस पर सरकार की घोषणा का इंतजार करने की बात कही गई है। मांग पूरी नहीं होने की स्थिति में 9 सितंबर से निर्णायक आंदोलन और सेवा सुरक्षा न्याय पदयात्रा की घोषणा की गई है। शिक्षक साझा मंच ने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी होने तक आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Related Articles