

चांपा। नई शिक्षा नीति-2020 के तहत स्नातक स्तर पर लागू सेमेस्टर प्रणाली को विद्यार्थियों के लिए सरल एवं सहज बनाने के उद्देश्य से शासकीय एमएमआर पीजी महाविद्यालय, चांपा में दो दिवसीय इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 10 एवं 11 सितंबर 2026 को आयोजित कार्यक्रम में तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम, उपाधि एवं विभिन्न पाठ्यक्रमों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान डॉ. डी.एन. बंजारे ने विद्यार्थियों को डिग्री एवं आदर्श उपाधि के पाठ्यक्रम की विस्तृत जानकारी प्रदान की। उन्होंने सेमेस्टर प्रणाली के अंतर्गत विद्यार्थियों के लिए निर्धारित पाठ्यक्रम एवं अध्ययन व्यवस्था को समझाया।

इसी क्रम में डॉ. के.आर. जाटवर ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को मुख्य तीन विषयों में से किसी एक विषय को ऑनर्स के रूप में चुनना होगा। इसके लिए संबंधित विषय के दो पेपर का अध्ययन करना होगा। उन्होंने विद्यार्थियों से नई शिक्षा नीति के तहत उपलब्ध शैक्षणिक अवसरों का बेहतर उपयोग करने की अपील की।
एबिलिटी एनहैंसमेंट और वैल्यू एडेड कोर्स की दी जानकारी – राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रभारी डॉ. एस.पी. भारद्वाज ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए महाविद्यालय में संचालित एबिलिटी एनहैंसमेंट कोर्स एवं वैल्यू एडेड पाठ्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को इन पाठ्यक्रमों के महत्व और उनके अध्ययन से मिलने वाले लाभों के बारे में अवगत कराया।
कार्यक्रम के अंत में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. एच.पी. खैरवार ने विद्यार्थियों को अनुशासन के साथ मन लगाकर और पूरी लगन से अध्ययन करने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि मेहनत एवं अनुशासन के साथ पढ़ाई करने से विद्यार्थी अपने इच्छित परिणाम प्राप्त कर सकते हैं और भविष्य में देश के श्रेष्ठ नागरिक बन सकते हैं।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राध्यापकगण एवं तृतीय तथा पंचम सेमेस्टर के बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



